Mumbai Plane Crash: मुंबई से कई उड़ानों को किया गया डायवर्ट, हवाईअड्डे पर फिसला था विमान
मुंबई एयरपोर्ट पर आज एक चार्टर्ड विमान हादसे के बाद कई उड़ानों को डायवर्ट कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, विस्तारा की दो और अकासा एयरलाइंस की एक फ्लाइट को बेंगलुरु एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। दुबई से आ रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट को अहमदाबाद की ओर डायवर्ट किया गया। इसके अलावा देहरादून से मुंबई जाने वाली विस्तारा की एक उड़ान (DED-BOM) को गोवा हवाई अड्डे की ओर मोड़ दिया गया है। वहीं इस हादसे के बाद रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। हालांकि, अब रनवे को फिर से खोल दिया गया है।
सूरत हवाई अड्डे पर कुल 5 विमान उतरे हैं और दो उड़ानें अभी भी हवाई क्षेत्र में मंडरा रही हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे (सीएसएमआईए) के प्रवक्ता ने पुष्टि की कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी, बस एक विमान मुंबई हवाईअड्डे पर रनवे से उतर गया था। नीचे देखिए क्रैश का वीडियो...

रनवे का परिचालन फिर से शुरू
सभी सुरक्षा जांच के बाद शाम के छह बजकर 47 मिनट पर डीजीसीए की मंजूरी के बाद रनवे परिचालन के लिए फिर से खोल दिया गया। डीजीसीए ने कहा कि हम सभी यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे अपने संबंधित एयरलाइन से जुड़ें और अपने घर छोड़ने से पहले शेड्यूल की जांच करें। सीएसएमआईए को हुई असुविधा के लिए ईमानदारी से खेद है।
Recommended Video
कैसे हुआ हादसा
डीजीसीए ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि भारी बारिश के चलते विशाखापटनम से मुंबई आ रहा वीएसआर वेंचर्स लियरजेट 45 विमान वीटी-डीबीएल मुंबई हवाई अड्डे पर रनवे-27 पर उतरते समय अचानक फिसल गया। जिसके चलते विमान के पायलट संतुलन खो बैठे और यह हादसा हो गया। विमान में 6 यात्री और 2 क्रू सदस्य सवार थे। भारी बारिश के कारण दृश्यता 700 मीटर ही थी। मौके पर बचाव कार्य जारी है।

विमान दो टुकड़ों में टूटा, लगी आग
जानकारी के मुताबिक विमान जैसे ही रनवे पर फिसला वैसे ही उसका अगला हिस्सा दो टुकड़ों में टूट गया और आग लग गई लेकिन इमरजेंसी डिपार्टमेंट की मुस्तैदी के कारण आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। लेकिन इस घटना में 8 यात्री बुरी तरह से घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। गनीमत रही कि किसी की जान नहीं गई।












Click it and Unblock the Notifications