बीजेपी का उद्धव को जवाब, जल्द जारी करेंगे कालेधन वाली कंपनियों की लिस्ट
किरीट सोमैया ने कहा कि मैं शिवासेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को दिखाऊंगा कि कालेधन पर सर्जिकल स्ट्राइक का क्या मतलब होता है।
नई दिल्ली। कालेधन पर मचे हंगामे के बीच बीजेपी सांसद किरीट सोमैया ने कहा कि वो जल्द ही ऐसी फर्जी कंपनियों की लिस्ट जारी करेंगे जिसमें शहर के कुछ लोग अपना काला धन लगाते हैं।

काले धन पर बीजेपी-शिवसेना आमने-सामने
500 और 1000 रुपये पर प्रतिबंध के मोदी सरकार के फैसले पर कई सियासी पार्टियों ने सवाल उठाए हैं। शिवसेना की ओर से भी कुछ ऐसा बयान दिया गया जिसके बाद बीजेपी सांसद किरीट सौमैया को बीजेपी का पक्ष रखने के लिए आगे आना पड़ा।
रविवार को किरीट सोमैया ने कहा कि मैं शिवासेना के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे को दिखाऊंगा कि कालेधन पर सर्जिकल स्ट्राइक का क्या मतलब होता है।
बीजेपी सांसद ने कहा कि मैं अगले हफ्ते ऐसी फर्जी कंपनियों की लिस्ट जारी करूंगा जिसमें कई लोगों का काला धन जाता है।
किरीट सोमैया ने दिया उद्धव को जवाब
किरीट सोमैया ने ये जवाब उद्धव ठाकरे के उस बयान पर दिया जिसमें शिवसेना अध्यक्ष ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक सर्जिकल स्ट्राइक स्विस बैंक पर भी करना चाहिए जिससे कालाधन देश में वापस लाया जा सके।
बता दें कि उद्धव ठाकरे ने सरकार के 500 और 1000 रुपये के नोटों पर प्रतिबंध के फैसले को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि सरकार के एक फैसले की वजह से जनता को परेशान होना पड़ रहा है।
उद्धव ठाकरे ने कहा था कि लोगों को आप (प्रधानमंत्री) पर विश्वास है। उनका विश्वास तोड़ने की कोशिश मत करिए, अगर ऐसा हो गया तो जनता आपके खिलाफ ही सर्जिकल स्ट्राइक कर देगी।
'मुंबई माफिया' के जरिए बीएमसी पर निशाना
किरीट सोमैया ने कहा कि बीएसपी सुप्रीमो मायावती, सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और उद्धव ठाकरे ये साफ करें कि उन्हें गरीब लोगों के चिंता सता रही है या फिर पैसे से भरे उन बक्सों की।
किरीट सोमैया ने कहा कि जब मैं लिस्ट जारी करूंगा तो 'मुंबई माफिया' समेत कांग्रेस और एनसीपी भी जान जाएंगे कि काला धन कहां रखा जाता है।
बीजेपी सांसद किरीट सोमैया पिछले कुछ दिनों से 'मुंबई माफिया' शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसका मतलब है कि वह शिवसेना के बीएमसी में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर ये टिप्पणी करते हैं।
किरीट सोमैया ने कहा कि उद्धव ठाकरे जल्द जान जाएंगे कि 'मुंबई माफिया' का पैसा कहां रखा जाता है, जब मैं अगले हफ्ते कंपनियों के नामों की लिस्ट सामने रखूंगा।












Click it and Unblock the Notifications