मुंबई के नामी रेस्टोरेंट में बिना मास्क पहने मिले 245 लोग, BMC ने लगाया 19400 रुपए का जुर्माना
महाराष्ट्र सरकार ने हाल ही में नई गाइडलाइन जारी की थी, जिसके बाद बीएमसी ने रेस्टोरेंट पर छापा मारा...
मुंबई। महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात और दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में कोरोना वायरस एक बार फिर हावी होता नजर आ रहा है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरोना वायरस से प्रभावित राज्यों में नियमों के पालन को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसके अलावा पंजाब, गुजरात और मध्य प्रदेश के कई बड़े शहरों में नाइट कर्फ्यू भी लागू किया गया है। इस बीच मुंबई पुलिस और बीएमसी ने कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के नियमों के उल्लंघन पर शहर के एक नामी रेस्टोरेंट के ऊपर बड़ी कार्रवाई की है।

बीएमसी की टीम ने बुधवार देर रात मुंबई के ब्रीच कैंडी इलाके में स्थित नामी रेस्टोरेंट 'ऑबर्जिन प्लेट्स और पॉर्स' पर छापा मारा, जहां 245 लोग बिना मास्क पहने हुए मिले। बीएमसी ने इन लोगों से जुर्माने के तौर पर 19400 रुपए वसूले। बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि रेस्टोरेंट के अंदर 50 फीसदी ग्राहकों को ही प्रवेश देने के नियम का पालन भी नहीं किया गया था। इसके अलावा अंदर बैठे लोगों ने ना मास्क पहना हुआ था और ना ही सोशल डिस्टेंसिंग अपनाई हुई थी। बीएमसी की तरफ से शिकायत दिए जाने के बाद मुंबई पुलिस ने रेस्टोरेंट के मालिक के ऊपर एफआईआर दर्ज की।
कोरोना को लेकर सरकार जारी कर चुकी है नई गाइडलाइन
आपको बता दें कि कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को नई गाइडलाइन जारी की। नई गाइडलाइन के मुताबिक, राज्य के सभी सिनेमा हॉल, होटल, रेस्टोरेंट और दफ्तर 31 मार्च तक केवल 50 फीसदी क्षमता के साथ ही चलेंगे। इसके अलावा इन जगहों पर लोगों को मास्क पहनकर और टेंपरेचर चेक करने के बाद ही एंट्री दी जाएगी। गाइडलाइन में स्वास्थ्य और आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों को 50 फीसदी क्षमता वाले नियम से छूट दी गई है। गौरतलब है कि महाराष्ट्र कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में है। बुधवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 23179 नए मामले मिले, जो इस साल अभी तक की सबसे बड़ी संख्या है।












Click it and Unblock the Notifications