दो दिन के लिए दोस्त के साथ बाहर गई पत्नी, गुस्साए पति ने चलती ट्रेन के सामने फेंका, Video वायरल
मुंबई, अगस्त 23। पति-पत्नी के बीच झगड़ा किस घर में नहीं होता, लेकिन उस झगड़े में कोई किसी की हत्या कर दे यह हर जगह नहीं होता। जी हां, मुंबई के वसई रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने एक महिला को घसीटकर चलती हुई ट्रेन के नीचे फेंक दिया और उसके बाद वहां से अपने दोनों बच्चों को लेकर गोली की तरह फरार हो गया। यह महिला उस युवक की पत्नी बताई जा रही है। यह वारदात स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

सोती हुई महिला को फेंका रेलवे ट्रैक पर
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार सुबह 4 बजे के करीब की बताई जा रही है। घटना का सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह पता चल रहा है कि स्टेशन पर महिला सो रही थी। अचानक सामने से आती हुई ट्रेन को देखकर उस महिला के पति ने महिला को सोते हुए ही घसीटकर ट्रेन के नीचे फेंक दिया। ट्रेन की रफ्तार बहुत तेज थी। ऐसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद युवक अपने दोनों बच्चों को लेकर वहां से फरार हो जाता है।
भिवंडी से गिरफ्तार हुआ युवक
बताया जा रहा है कि महिला को जिस ट्रेन के आगे फेंक गया वो अवध एक्सप्रेस थी। वायरल फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे ठाणे के भिवंडी इलाके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की तलाश के लिए स्पेशल पुलिस की टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अभी आरोपी और मृतक महिला की पहचान उजागर नहीं की है। हालांकि शुरुआती जांच में अधिकारियों ने इतना जरूर बताया है कि मृतक महिला अपने पति के एक दोस्त के साथ दो दिनों के लिए बाहर गई थी, जिससे वो काफी नाराज था और इसी को लेकर दोनों के झगड़ा हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications