Morena News: मुरैना में 140 साल पुराना तालाब फूटा, 20 गांवों में अलर्ट जारी, विधायक और SDM मौके पर पहुंचे
Morena News: मध्य प्रदेश में एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही सामने आई है, जिसके चलते मुरैना में सबलगढ़ के लोगों की जान आफत में पड़ गई है। दरअसल, सोमवार सुबह करीब 5 बजे 140 साल पुराना टोंगा तालाब फूट गया।
मुरैना जिले के सबलगढ़ में सोमवार सुबह करीब 5 बजे टोंगा तालाब फूट गया, जिससे चार गांवों- कुतघान का पुरा, कोरी का पुरा, पंचमुखी हनुमान मंदिर का इलाका और पासौन गांव में पानी भर गया। बढ़ते पानी की वजह से ग्रामीण अपनी जानमाल की सुरक्षा के लिए अपने घरों से निकलने लगे हैं। पानी बहकर देवपुर गांव की ओर जा रहा है, जिससे वहां भी खतरा बढ़ गया है।

टोंगा तालाब की भराव क्षमता 1.93 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीएम) है। सोमवार शाम करीब 4 बजे तालाब में मिट्टी बहने से एक छेद हो गया, जो मंगलवार सुबह 5 बजे तक 15 इंच तक बढ़ चुका था। तालाब का पानी तेजी से बाहर आ रहा है, जिससे करीब 20 गांवों को खतरा उत्पन्न हो गया है।
मुरैना से सबलगढ़ जाने वाली मुख्य सड़क पर पानी भरने से ट्रैफिक दोनों दिशाओं में पूरी तरह से थम गया है। सबलगढ़ विधायक सरला रावत, एसडीएम वीरेंद्र कटारे, और सबलगढ़ थाना प्रभारी सोहनपाल तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं।
एसडीएम वीरेंद्र कटारे ने बताया कि सूचना मिलते ही तालाब की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है और आधे घंटे में तालाब का पानी पूरी तरह से नहर की ओर मोड़ दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications