MP : मुरैना में खनन माफिया ने महिला को ट्रैक्टर ट्रॉली से कुचला, देखिए रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो
मुरैना, 7 जुलाई। सड़क किनारे साइकिल की पिछली सीट पर बैठ रही महिला को जरा भी अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल क्या होने वाला है। महिला जैसे ही साइकिल पर बैठी। पत्थरों से भरी तेज रफ्तार एक ट्रैक्टर ट्रॉली आई और महिला को कुचलते हुए निकल गई। कोई कुछ समझ पाता उससे पहले महिला की जान चली गई। हादसे का यह रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो पास में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गया।
Recommended Video

यह घटना मध्य प्रदेश के मुरैना जिले है। यहां सुमावली थाना इलाका खनन माफिया के आतंक के लिए बदनाम है। बुधवार सुबह करीब सवा 8 बजे महिला अपने पति के साथ साइकिल से काम पर जा रही थी। इसी दौरान सुमावली इलाके में साइकिल पर बैठी महिला को बेकाबू ट्रैक्टर ने कुचल दिया।
हादसा इतना भयावह था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि महिला के पति को इस हादसे में कोई चोट नहीं आई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों का आरोप है कि स्थानीय थाना प्रभारी के शह पर इस इलाके में अवैध खनन का काम होता है। मृतक महिला के परिजनों को मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। लोगों का आरोप है कि पहले भी दोषी अधिकारियों के खिलाफ शिकायत की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाया। पुलिस ने मृतक महिला के परिवार को मुआवजा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया। मुरैना में खनन और वन माफियाओं का आतंक किस कदर फैला हुआ है ये किसी से छिपा नहीं है। कई बार इस तरह के हादसों की खबरें आती है। कई बार तो ये माफिया पुलिस और प्रशासन पर भी हमला करने से नहीं चूकते।












Click it and Unblock the Notifications