ग्वालियर-चंबल में बारिश ने मचाई तबाही, किसानों की फसल हुई बर्बाद
ग्वालियर-चंबल अंचल में लगातार हो रही है बारिश, किसानों की फसल हुई बर्बाद, खेतों में भरा बारिश का पानी, किसानों के सामने गहराया आर्थिक संकट
मुरैना, 9 अक्टूबर। ग्वालियर-चंबल में बीते 3 दिन से हो रही बारिश ने ग्वालियर-चंबल अंचल के किसानों की फसल को बर्बाद कर दिया है। किसानों के खेतों में पानी भर गया है जिससे खेतों में खड़ी फसल खराब हो गई है। ऐसे में किसानों के सामने उसकी रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

3 दिन से हो रही है ग्वालियर-चंबल अंचल में बारिश
ग्वालियर-चंबल अंचल में बीते 3 दिन से बारिश हो रही है। लगातार बारिश होने की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हो ही रहा है। इसके साथ ही साथ किसानों की फसल भी इस बारिश की वजह से बर्बाद हो गई है। जहां कल तक किसानों की फसल लहरा रही थी वहां अब बारिश का पानी खेतों में लबालब भरा हुआ नजर आ रहा है।

खेत-खलिहान सभी जगह भर गया पानी
कुछ किसानों ने अपनी फसल काटकर खलिहान में रख दी थी तो कुछ किसान अपनी फसल काटने की तैयारी कर रही थे। त्योहार आने की खुशी में किसान जल्द से जल्द अपनी खेती-किसानी का काम निपटाने की सोच रहे थे लेकिन बारिश ने किसानों के इस पूरी उम्मीद पर पानी फेर दिया और लगातार हो रही बारिश ने खेत-खलियान सभी को पानी से भर दिया।

बाजरा, मूंग, तिल और सरसों की फसल को हुआ नुकसान
खेत-खलिहान में पानी भर गया है। इस वजह से जो फसल काटकर खलिहान में रखी गई थी वह तो पानी में खराब हो ही गई लेकिन जो फसल खेत में तैयार खड़ी थी वह भी बारिश के पानी में डूब गई है। किसानों को तिल, मूंग, सरसों और बाजरे की फसल का भारी नुकसान हुआ है।

अभी भी बारिश लगातार है जारी
बारिश को 3 दिन बीत चुके हैं लेकिन बारिश अभी भी लगातार जारी है। मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल अंचल में भारी से अति भारी वर्षा होने का अलर्ट जारी किया है ऐसे में किसानों को थोड़ी बहुत फसल बचने की उम्मीद थी वह भी पूरी तरह खत्म होती नजर आ रही है। फसल बर्बाद हो जाने से किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications