Morena Firing: जमीन विवाद में MP के मुरैना में खूनी खेल, तीन लोगों की गोली मारकर हत्या
Firing In Morena: मध्य प्रदेश के मुरैना में दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। मुरैना में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई है।
ज़िले के अंबाह थाना क्षेत्र के गीला पुरा गांव में गुरुवार जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग हो गई। एक पक्ष से चाचा-भतीजे और दूसरे पक्ष के एक शख्स की मौत गोली लगने से हुई है। घटना में एक पक्ष के अमरीश शर्मा और अभिषेक शर्मा की मौत मौके पर हो गई थी। दोनों मृतकों के शवों को ट्रैक्टर से अंबाह पोस्टमार्टम हाउस लाया गया है।

वहीं दूसरे पक्ष के श्यामबाबू शर्मा पिता लक्ष्मीनारायण शर्मा के पैर में भी गोली लगी थी, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल अंबाह लाया गया है। जिसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक श्यामबाबू शर्मा का शव फिलहाल सिविल अस्पताल के ड्रेसिंग कक्ष में रखा है।
एसडीओपी रवि भदौरिया के जानकारी मुताबिक गीला पुरा गांव में दो पक्षों में करीब एक बीघा सरकारी जमीन के कब्जे को लेकर विवाद हो गया। घटना में हुई फायरिंग में एक पक्ष के अमरीश शर्मा और अभिषेक शर्मा की मौत हुई है। वहीं दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति श्याम बाबू शर्मा की भी उपचार के दौरान मौत हुई है।मामले में दोनों पक्षों की ओर से पहले कोई भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। गुरुवार एक पक्ष जमीन जोतने के लिए गया था और दूसरे पक्ष ने फायरिंग कर दी। दो लोगों को हिरासत में लिया है। शेष आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें रवना की गईं हैं।
दोनों पक्ष में करीब 30 से 35 वर्ष पुराना विवाद बताया जा रहा है।इन दोनों पक्षों में शुरू से ही करीब 11 बीघा सरकारी जमीन को लेकर विवाद बताया जा रहा था। इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष कई बार आमने सामने आ चुके थे। हालांकि पहले कभी दोनों पक्ष में फायरिंग की घटना नहीं हुई थी बात केवल गाली-गलौज से लेकर एक दूसरे के घर पर आवाजाही बंद करने तक ही सीमित थी।
इस सरकारी जमीन से लगी ही रामवतार शर्मा पक्ष की करीब 35 बीघा जमीन है। वहीं श्यामबाबू शर्मा की भी इसी सरकारी जमीन से करीब 40 बीघा जमीन लगी हुई थी। दोनों पक्ष के लोग यह चाहते थे कि बंजर पड़ी जमीन को वह अपने अधिपत्य में ले लें।इसी मंशा से आज मृतक अमरीश शर्मा और अभिषेक शर्मा ट्रैक्टर लेकर खेत जोतने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोग हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए और झगड़ा शुरू हो गया। जिसमें श्यामबाबू पक्ष के लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें मृतक अमरीश पुत्र रामावतार शर्मा उम्र 28 अभिषेक पुत्र राधाचरण शर्मा उम्र 20 साल की घटना स्थल पर मौत हो गई है।












Click it and Unblock the Notifications