एमपी: माता के भंडारे के लिए बन रहा था भोजन तभी चलने लगी गोलियां
मुरैना में चुनावी रंजिश को लेकर चली गोली, गोलीबारी मे 2 लोग घायल हो गए, माता के भंडारे के लिए भोजन हो रहा था तैयार, उसी वक्त हो गया गोली कांड, घायलों को उपचार के लिए किया गया ग्वालियर रेफर
मुरैना, 4 अक्टूबर। मंगलवार को माता के भंडारे के लिए भोजन बन था इतने में फायरिंग शुरू हो गई। चुनावी रंजिश की वजह से हुई इस फायरिंग में 2 लोगों को गोली लग गई। अचानक हुई इस फायरिंग की वजह से मौके पर भगदड़ भी मच गई। पूरा मामला मुरैना के डामर का पूरा गांव का है।

माता पूजन के दौरान हुआ शुरू विवाद
मंगलवार को नवरात्रि के दिन डामर का पुरा गांव के दो अलग-अलग पक्ष जंगल में बनी माता के मंदिर पर पूजा करने के लिए गए थे। यहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद एक पक्ष के लोग गांव वापस लौट आए थे लेकिन दूसरे पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर विरोधी पक्ष के घर पहुंच गए।
भंडारे के लिए बन रहा था भोजन तभी शुरू हो गई फायरिंग
रामसेवक पक्ष के लोग भंडारे की तैयारी कर रहे थे। घर के बाहर भंडारे के लिए भोजन तैयार हो रहा था। तभी अचानक दूसरे पक्ष के लोग हथियारों से लैस होकर आए। दूसरे पक्ष के लोगों ने अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दिया। अचानक हुई इस गोलीबारी में रामसेवक और बल्लू गोली लगने से घायल हो गए। गोलियां चलने की वजह से अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
घायलों को लाया गया अस्पताल
गोली लगने से घायल हुए दोनों लोगों को उपचार के लिए जौरा अस्पताल लाया गया। यहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद से पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
चुनावी रंजिश बनी वारदात की वजह
गांव में हुए पंचायत चुनाव के दौरान दोनों पक्षों के बीच वोट डालने को लेकर विवाद हो गया था। इसी बात पर से दोनो पक्षों के बीच चुनावी रंजिश हो गई थी। मंगलवार को माता पूजन के दौरान जब दोनों पक्ष एक दूसरे के सामने आए तो एक बार फिर से विवाद हो गया और गोलियां चलने लगीं।












Click it and Unblock the Notifications