Lok Sabha Election 2024: कुंवर सर्वेश सिंह के निधन के बाद मुरादाबाद में फिर होगा चुनाव? एक्सपर्ट्स क्या बोले?
Moradabad Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान पहले चरण का मतदान संपन्न हो जाने के बाद मुरादाबाद लोकसभा सीट से बड़ी खबर आई है। मुरादाबाद से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार कुंवर सर्वेश सिंह का शनिवार को निधन हो गया। शुक्रवार को उन्होंने मतदान भी किया था।
बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था। दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था इसी दौरान शनिवार शाम उनके मौत की सूचना मिली। अब मुरादाबाद लोकसभा सीट से प्रत्याशी के निधन के बाद लोगों के मन में सवाल है कि क्या यहां फिर से चुनाव होगा?

ऐसे में इस बारे में राजनीतिक एक्सपर्ट से बात की गई तो उनके द्वारा इस बारे में स्पष्ट जानकारी दी गई। फिलहाल दोबारा चुनाव कराए जाने के बारे में जानने से पहले आइए जानते हैं कब से बीमार थे कुंवर सर्वेश सिंह और क्यों वायरल हो रही है उनकी फोटो?
दरअसल, लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान भारतीय जनता पार्टी से प्रत्याशी बनाए जाने के बाद कुंवर सर्वेश सिंह मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार करते हुए भी नजर आए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और गृह मंत्री अमित शाह के साथ का उनका फोटो वायरल हो रहा है।
दाहिने हाथ की कलाई में बांधे थे पट्टी
मुरादाबाद लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान कुंवर सर्वेश सिंह के दाहिने हाथ की कलाई में पट्टी बंधी हुई दिखाई भी दे रही थी। ऐसे में अब वह फोटो सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि कुंवर सर्वेश सिंह काफी समय से ही बीमार चल रहे थे।
बीमार होने के बावजूद भी कुंवर सर्वेश सिंह लोकसभा चुनाव में खुद का प्रचार करते रहे और यहां तक की शुक्रवार को मतदान के दौरान भी उन्होंने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान किया। मतदान के बाद उनकी फोटो भी सामने आई थी।
किस स्थिति में दोबारा कराया जाएगा चुनाव?
पॉलिटिकल एक्सपर्ट का कहना है कि लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी के निधन के बाद जब तक मतगणना नहीं हो जाती तब तक दोबारा चुनाव नहीं कराया जा सकता है। मतगणना के बाद यदि दूसरा प्रत्याशी जीत जाएगा तो भी दोबारा चुनाव नहीं कराया जा सकता।
ऐसे में एक बात स्पष्ट है कि इसके लिए लोगों को चार जून तक इंतजार करना पड़ेगा। 4 जून को मतगणना के दौरान यदि कुंवर सर्वेश सिंह चुनाव जीत जाते हैं तो इस लोकसभा सीट पर दोबारा चुनाव होगा। इसके अलावा समाजवादी पार्टी प्रत्याशी रुचि वीरा या अन्य प्रत्याशी जी जाते हैं तो दोबारा चुनाव नहीं होगा।












Click it and Unblock the Notifications