मुरादाबाद : दूल्हेपुर गांव के घर में फिर पढ़ी गई सामूहिक नमाज, 26 लोगों पर केस दर्ज
मुरादाबाद, 29 अगस्त: मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र में एक बार फिर सामूहिक रूप से नमाज पढ़ी गई। पुलिस ने इस मामले में 16 के खिलाफ नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बता दें, थानाक्षेत्र के दूल्हेपुर गांव में दो संप्रदायों के बीच पूर्व में हुए फैसले को तोड़कर फिर से नमाज पढ़ी गई है। एसपी देहात संदीप कुमार मीणा ने इस पूरे मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

विवाद के बाद शांत करा दिया गया था मामला
कांठ थाना क्षेत्र के दूल्हेपुर गांव में दूसरे संप्रदाय का कोई धार्मिक स्थल नहीं है। यहां पर दूसरे संप्रदाय के दो लोगों के घरों में एकत्र होकर पूर्व में नमाज पढ़ी गई थी। इसको लेकर गांव में विवाद हो गया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मध्यस्थता कराकर मामले को शांत करा दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति पर सामूहिक नमाज नहीं पढ़ने का निर्णय लिया गया था।
बीते 24 अगस्त को गांव के अनवर और मुस्कीम के घर में एकत्र हुए। इस दौरान एक मौलवी को बुलाकर नमाज अदा की गई। मामले की जानकारी होने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। छजलैट थाना प्रभारी दीपक मलिक गांव पहुंचे और जांच के बाद मामले की पुष्टि की। इस मामले में छजलैट थाना क्षेत्र के दूल्हेपुर गांव निवासी वाहिद, मुस्तकीम, शहीद, जाकिर अली, शेर रमजानी, मुहम्मद अली, मुहम्मद अली, हनीफ, शौकीन, सलीम, नूरा, असलम सहित 26 के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने इस मामले में चंद्रपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। एसपी देहात संदीप कुमार मीणा ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले का संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई की गई है। माहौल खराब करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने को लेकर अभियोग पंजीकृत किया गया है। जांच करके कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications