VIDEO: पंजाब CM अमरिंदर सिंह ने टोक्यो ओलिंपिक के पदक विजेताओं को लजीज पकवान बनाकर परोसा
मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ओलिंपिक-2020 के पदक विजेताओं को दावत देने के लिए मोहाली में लजीज व्यंजन बनाए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने खुद अपने हाथों से उन्हें परोसा भी। इसका वीडियो सामने आया है, जिसमें वे खिलाड़ियों को भोज में पटियाला के पुलाव, गोश्त, चिकन, आलू और जरदा राइस आदि चीजें परोसते दिख रहे हैं।

इस बारे में मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने कहा, ''जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा समेत पंजाब के ओलिंपिक पदक विजेताओं से किए गए अपने वादे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री अमरिंदर ने डिनर तैयार किया। उसके बाद उन्होंने खुद परोसा भी।'
बताते चलें कि रात्रिभोज का आयोजन मोहाली के सिसवां में अमरिंदर सिंह के फार्महाउस पर हुआ। एक दिलचस्प बात यह भी है कि, मुख्यमंत्री स्वयं शेफ जैसा हुनर रखते हैं। वे फुर्सत मिलते ही अपने परिवार के सदस्यों के लिए भी खाना बनाया करते हैं। अमरिंदर के करीबी कहते हैं कि, वे एक ओर जहां सियासत के धुरंधर हैं, वहीं उनकी पाक-कला का कोई सानी नहीं है। उनके हाथ का बना देसी घी में मसालेदार मटन जिसने भी खाया, वह उनका मुरीद हो गया।

पंजाब के सीएम ने बनाए पुलाव, भेड़ का बच्चा, चिकन, आलू और जर्दा चावल
नीरज चोपड़ा से कीं खूब बातें
मुख्यमंत्री अमरिंदर ने टोक्यो ओलंपिक में देश के लिए एकमात्र स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा से मोहाली में खूब बातें कीं। दरअसल, उन्होंने पिछले महीने ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए आयोजित अभिनंदन समारोह में उनसे, उन्हें अपने हाथ का बना भोजन कराने का वादा किया था। जिसके उपरांत अब उन्होंने खिलाड़ियों को दावत दी है। इन खिलाड़ियों में नीरज चोपड़ा हरियाणा के पानीपत जिले के गांव खंदरा के रहने वाले हैं। उन्होंने ओलंपिक में 87.58 मीटर दूरी पर भाला फेंककर स्पर्धा में स्वर्ण जीता था। इस तरह व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले चोपड़ा दूसरे भारतीय खिलाड़ी बने हैं। इसके अलावा वह ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धा में भारत के पहले एथलीट हैं, जिन्होंने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता है।












Click it and Unblock the Notifications