UP Police: एक ही दिन में 24 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, आखिर विंध्याचल धाम में हुई क्या ऐसी बड़ी चूक?
UP Police: मिर्जापुर के विंध्याचल धाम क्षेत्र में बुधवार को हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए धाम चौकी प्रभारी समेत 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। वहीं मौके पर ड्यूटी में तैनात एक आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
यह कार्रवाई उस समय की गई जब दक्षिणा के पैसों के बंटवारे को लेकर पंडा समुदाय के दो पक्षों में विवाद हुआ और बात खूनी झड़प तक पहुंच गई। विवाद के दौरान एक पक्ष ने कैंची से हमला कर दूसरे पक्ष के व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

दक्षिणा को लेकर शुरू हुआ विवाद
घटना दोपहर नगर के नए वीआईपी मार्ग स्थित एक दुकान में हुई, जहां बलुआ घाट निवासी निवेदित भट्ट बैठे थे। इसी दौरान वहां उत्तम पांडेय पहुंचे और दक्षिणा के पैसों के बंटवारे को लेकर दोनों में बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि उत्तम पांडेय और उसके साथियों ने निवेदित पर कैंची से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल निवेदित को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।
हत्या की कोशिश का केस दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायल की तहरीर पर उत्तम पांडेय, चिरंजीव और उत्सव नामक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने हत्या के प्रयास (धारा 307) सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वारदात में प्रयुक्त कैंची को भी बरामद कर लिया गया है। पूरी घटना की सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर गिरी गाज
धार्मिक स्थल की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती पहले से थी बावजूद इसके समय रहते हस्तक्षेप नहीं किया गया। इसे लेकर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए धाम चौकी प्रभारी राजकुमार पांडेय समेत 24 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
इसी तरह घटनास्थल के पास ड्यूटी पर मौजूद आरक्षी कांताराम को सस्पेंड कर दिया गया है। एक साथ इतने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई किए जाने के बाद हड़कंप मचा है।












Click it and Unblock the Notifications