UP News: बदमाशों ने गार्ड को पीछे से मारी थी गोली, मिर्जापुर कैश वैन लूट कांड का एक और वीडियो आया सामने
UP News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एटीएम कैश वैन से लूट करने के दौरान का एक और सीसीटीवी फुटेज सोमवार को सामने आया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एटीएम कैश वैन के समीप गार्ड खड़ा है, इसी दौरान पीछे पहुंचा एक बदमाश उसे गोली मार देता है।
वीडियो में दिखाई देता है कि पहला बदमाश हेलमेट लगाते हुए आता है और जैसे ही गोली मारता है गार्ड गिर जाता है। पहले बदमाश जब आगे बढ़ता है, इसी दौरान उसके पीछे दो अन्य बदमाश भी हेलमेट लगाए हुए उसके समीप पहुंचते हैं। वह दोनों बदमाश भी गार्ड के ऊपर गोली चलाते हैं।

गोली लगने के बाद गार्ड जब गिर जाता है तो एक बदमाश कैश वैन में रखे रुपए से भरा बॉक्स उठाता है जबकि तीन बदमाश तीनों दिशाओं में अलर्ट होकर असलहा ताने खड़े रहते हैं। वारदात को अंजाम देने के दौरान वहां मौजूद लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं।
भीड़भाड़ वाले इलाके में गार्ड को गोली मारने के बाद एटीएम कैश वैन में रखा रुपयों से भरा बॉक्स लूटकर बदमाश फरार हो जाते हैं। बदमाशों के भागने के बाद वहां मौजूद लोग गार्ड के पास पहुंचते हैं। हालांकि वायरल हुए वीडियो में बस बदमाशों द्वारा गार्ड को गोली मारने और बॉक्स लूटकर भागने तक की घटना ही है।
बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाई गई कई टीमें
दरअसल, मिर्जापुर जनपद के कटरा कोतवाली अंतर्गत बेलतर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में पैसा डालने पहुंचे कैश वैन को 12 सितंबर को बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट लिया था। इस लूट की घटना का खुलासा करने के लिए मिर्जापुर समेत पूर्वांचल की 32 तेज तर्रार टीमें लगाई गई हैं।
लूट के दौरान बदमाशों द्वारा वाहन में सवार कैशियर रजनीश मौर्य अखिलेश सिंह और बहादुर लाल को गोली मारी गई थी। गोली मारने के बाद बदमाश कैश वैन में एक बॉक्स में रखे 35 लाख 30 हजार लूट लिए थे और आसानी से फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनंदन द्वारा कटरा कोतवाल वेंकटेश तिवारी और डंकिनगंज चौकी प्रभारी अनिल विश्वकर्मा समेत कुल पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था।
देखें Video:-
मिर्जापुर के कटरा कोतवाली में कैश वैन लूट कांड से जुड़ा एक और वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल pic.twitter.com/RePjpnAHuD
— Pravin Kumar Yadav (@PravinNews) September 18, 2023
घटना में शामिल बदमाशों की सीसीटीवी फुटेज से ली गई तस्वीर सामने आने के बाद मामले में पुलिस अधिकारियों द्वारा बदमाशों की पहचान बताने वाले को एक लाख पुरस्कार देने का भी ऐलान भी किया जा चुका है। बताया जा रहा है कि बदमाशों की पहचान के लिए एसटीएफ और क्राइम ब्रांच टीम द्वारा उत्तर प्रदेश के अलावा समीपवर्ती राज्यों में भी जांच पड़ताल की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications