Mirzapur News: गंगा दशहरा पर नहाते समय चार लड़कियां नदी में डूबीं, दो की मौत, दो को नाविकों ने बचाया
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में गंगा दशहरा पर्व पर दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा दशहरा पर्व पर गंगा नदी में स्नान करने पहुंची चार सहेलियों गंगा नदी में डूब गईं।
इस दौरान गंगा नदी में डूब रही दो किशोरियों पर नाविकों की नजर पड़ गई और उन्हें बचा लिया गया जबकि गहरे पानी में जाने के चलते उनकी दो सहेलियों की मौत हो गई।

काफी देर में मशक्कत करने के बाद दोनों की लाश बरामद की गई। लाश बरामद करने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पर्व के दिन घटना हो जाने से दोनों किशोरियों के परिवार में मातम पसरा है।
बताया जा रहा है कि मिर्जापुर जनपद के चिल्ह थाना क्षेत्र के डेंगूरपट्टी गांव की रहने वाली 14 वर्षीय शिवानी, 15 वर्षीय शालू, 15 वर्षीय आंचल और 13 वर्षीय नैंसी सरोज गंगा दशहरा पर गंगा नदी में स्नान करने के लिए गई थी।
चारो सहेलियां चिल्ह थाना क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान कर रहीं थीं। इसी दौरान अचानक नहाते समय चारों गहरे पानी में चली गईं। किशोरियों को नदी में डूबता देख आसपास मौजूद लोग शोर मचाने लगे।
शोर सुनकर समीप में ही मौजूद नाविक अपनी नाव लेकर डूब रही किशोरियों के पास पहुंचे। इस दौरान नाविकों ने शालू और शिवानी को बचा लिया जबकि नैंसी और आंचल गहरे पानी में समा गईं।
उसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा चिल्ह थाने की पुलिस को फोन करके सूचना दिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से गंगा नदी में डूबी आंचल और नैंसी की लाश को बरामद किया गया।
सूचना मिलने के बाद मरने वाली दोनों किशोरियों के घरवाले भी वहां पहुंच गए। किशोरियों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस ने दोनों किशोरियों की लाश को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।












Click it and Unblock the Notifications