UP News: मिर्जापुर सपा जिलाध्यक्ष समेत परिवार के पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है मामला?
UP News: समाजवादी पार्टी के मिर्जापुर के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी और उनके परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ उनकी बहू दीपांजना चौधरी ने लखनऊ में दहेज उत्पीड़न से संबंधित मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमा दर्ज करके पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
दीपांजना चौधरी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उसकी शादी साल 2016 में अखिलेश कुमार चौधरी के साथ हुई थी। आरोप है की शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। उसने बताया कि वह कोई नौकरी नहीं करती थी जिसके चलते भी ससुराल के लोग प्रताड़ित करते थे।

दीपांजना का आरोप है कि साल 2023 में 9 फरवरी को जब वह ससुराल में थी इस दौरान उसके सास और ससुर ने भी उसे मारा पीटा। मारने पीटने के बाद लोगों ने छोटे बेटे अभ्युदय चौधरी के साथ उसे लखनऊ भेज दिया। उसने कहा कि उसे परिवार को बचाना था ऐसे में वह ससुराल आई।
मई 2023 में उसे फिर धमकी दिया जाने लगा कि यदि पुलिस से शिकायत करोगी तो बड़े पुत्र अरुणोदय चौधरी का मुंह कभी नहीं देख पाओगी। इस मामले में दीपांजना चौधरी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर लखनऊ के आशियाना थाने की पुलिस सपा जिला अध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी उनकी पत्नी उर्मिला चौधरी और पुत्र अखिलेश चौधरी सहित कुल पांच लोगों के खिलाफ मारपीट और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं इस मामले में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी का कहना है कि मामला चार-पांच माह पुराना है और उनकी बहू लखनऊ में रहना चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि मामला पुत्र और उनके बहू के बीच का है इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप पूरी तरह निराधार है। जांच पड़ताल किए जाने पर पूरा मामला स्पष्ट हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications