वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर किन्नरों ने कपड़े उतारकर किया प्रदर्शन, वाहनों की लग गई लंबी कतार, जानें पूरा मामला
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में अपने गुरु की पिटाई से गुस्साए किन्नरों ने गुरुवार रात वाराणसी शक्तिनगर हाईवे पर जमकर हंगामा किया। किन्नरों द्वारा आरोप लगाया गया कि उनके साथ न्याय नहीं हो रहा है। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया।
किन्नरों द्वारा हाईवे जाम करने की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन किन्नर अपने कपड़े उतारकर हाईवे पर प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे थे, इसलिए पुलिस भी उनके सामने बेबस नजर आई।

यह पूरा मामला मिर्जापुर जनपद के अदलहाट थाना क्षेत्र का है। किन्नरों द्वारा कहा गया कि बुधवार की रात्रि में उनके गुरु के घर में मुंह बांधकर 30- 35 युवक पहुंच गए थे। उन लोगों ने उनके गुरु के साथ मारपीट किया और उनकी चेन भी नोंच ली।
बताया जा रहा है कि इस मामले की शिकायत लेकर रात में ही किन्नर थाने पर पहुंचे थे लेकिन उन्हें सुबह बुलाया गया और रात में कोई कार्यवाही नहीं की गई। किन्नरों द्वारा आरोप लगाया गया कि सुबह थाने पर पहुंचने के बाद भी पुलिस द्वारा इस मामले में कोई सुनवाई नहीं की गई।
सुबह से शाम हो गई लेकिन पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने के बाद देर शाम किन्नर नाराज हो गए। उसके बाद किन्नरों ने अपना कपड़ा उतार दिया और सड़क पर आ गए। वाराणसी शक्तिनगर हाईवे पर किन्नरों ने धरना प्रदर्शन और नारेबाजी शुरू कर दी।
नग्न होकर धरना प्रदर्शन और नारेबाजी कर रहे किन्नरों को देखकर लोग हैरान रह गए। जाम लगाए जाने के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस द्वारा काफी देर तक उन्हें समझाने का प्रयास किया गया।
बाद में स्थानीय सभ्रांत लोग भी मौके पर पहुंचे और लोगों ने काफी देर तक किन्नरों को समझाया। समझने के बाद किन्नर किसी तरह शांत हुए उसके बाद हाईवे पर वाहनों का आवागमन प्रारंभ हुआ। हालांकि पूर्व में हुई मारपीट के मामले में भी किन्नरों द्वारा सुलह समझौता कर लिए जाने की बात भी कही जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications