मिर्जापुर: मिड डे मील में नमक-रोटी का वीडियो बनाने वाले पत्रकार को मिली राहत
मिर्जापुर। यूपी के मिर्जापुर जिले में प्राइमरी स्कूल में मिड डे मील में बच्चों को नमक रोटी दिए जाने का वीडियो बनाने वाले पत्रकार पवन जायसवाल को केस में क्लीन चिट मिल गई है। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के दखल के बाद मिर्जापुर पुलिस ने मुकदमे से पत्रकार का नाम हटा दिया है।

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जस्टिस चंद्रमौली कुमार प्रसाद ने प्रेस कांफ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रेस काउंसिल आफ इंडिया ने सुओ मोटो लेते हुए जांच की, जिसके बाद मिर्जापुर पुलिस का जवाब आया है कि पत्रकार के खिलाफ चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है और केस से भी उसका नाम हटा दिया गया है। जस्टिस चंद्रमौली कुमार प्रसाद ने कहा है कि इस कार्रवाई से प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया पूरी तरह से संतुष्ट नहीं है। दोषी अफसरों के खिलाफ प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया कार्रवाई की भी सिफारिश करेगी।
गौरतलब है कि प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जस्टिस चंद्रमौली कुमार प्रसाद प्रेस पर हमले और पत्रकारों की शिकायतों की जनसुनवाई करने पहुंचे थे। प्रयागराज में दो दिनों तक हुई जन-सुनवाई में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया ने 45 केसों की सुनवाई की और 33 केसों पर निर्णय सुनाया जबकि 18 मामलों का निस्तारण भी हुआ।












Click it and Unblock the Notifications