UP: होर्डिंग में लगी फोटो में सीएम का गला दबाते हुए सेल्फी लेना युवक को पड़ा महंगा, मुकदमा दर्ज
UP Mirzapur News: यूपी के मिर्जापुर में होर्डिंग में लगी सीएम योगी की फोटो का गला दबाते हुए सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार करते हुए कार्रवाई की गई है।
UP Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जनपद में होर्डिंग पर लगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फोटो में योगी आदित्यनाथ के गले पर हाथ रखकर एक युवक को सेल्फी लेना महंगा पड़ गया। इस मामले में भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस से शिकायत की गई।
शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

दरअसल, बीते दिनों मिर्जापुर जनपद के चुनार किले में 3 दिवसीय चुनार महोत्सव का आयोजन किया गया था। इसी आयोजन में प्रदेश और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। आयोजन में प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं का जिक्र करते हुए होर्डिंग भी लगाई गई थी।
होर्डिंग में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो लगी हुई थी। उस्मानपुर निवासी दिनेश यादव महोत्सव के तीसरे दिन 9 जुलाई को चुनार किले में पहुंचा था इस दौरान उसने होर्डिंग में लगे मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की फोटो में गले पर हाथ रखते हुए सेल्फी लिया।
सेल्फी लेने के बाद दिनेश यादव द्वारा उस फोटो को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया। सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेताओं तक जब यह बात पहुंची तो भाजपा नेताओं द्वारा इसे लेकर नाराजगी प्रकट की गई।
इस मामले में भाजपा नेता अभिलाष सिंह द्वारा चुनार पुलिस से शिकायत की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस बारे में चुनाव कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन द्वारा मीडिया को बताया गया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करते हुए जेल भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications