VIRAL VIDEO: लॉकडाउन में मुर्गा लाने गए युवकों को प्रधान ने दी तालिबानी सजा
मेरठ। जिले में लॉक डाउन के दौरान जहां अधिकांश नागरिक पुलिस-प्रशासन का सहयोग देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। वहीं दूसरी तरफ खरखौदा थाना क्षेत्र में दो युवकों ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया जिसके बाद ग्राम प्रधान ने उनको तालिबानी सजा दी। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों ही पक्षों पर दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

युवकों को ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने मुर्गा बनाया
दरअसल, नया गांव निवासी अनुसूचित जाति के युवक अंकित और टीटू शुक्रवार को जोगीपुरा गांव से तीन जिंदा मुर्गे खरीदकर घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान कैली गांव के निकट कैली ग्राम प्रधान मोनू त्यागी और उसके कुछ साथियों ने दोनों युवकों को रोक लिया। आरोप है कि ग्राम प्रधान और उसके साथियों ने दोनों युवकों पर लॉक डाउन का उल्लंघन करने का आरोप लगाते हुए रेलवे लाइन के पास दोनों युवकों को मुर्गा बना दिया।

मुकदमा किया गया पंजीकृत
इसके बाद ग्राम प्रधान के तालिबानी आदेश पर उसके साथियों ने दोनों युवकों की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। इतना ही नहीं आरोपियों ने दोनों युवकों की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो के वायरल होने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीओ किठौर ने बताया कि इस मामले में जहां पीड़ितों द्वारा दी गई तहरीर पर ग्राम प्रधान और उसके साथियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

यूपी में कुल कोरोना के 900 से अधिक मामले
वहीं, दोनों युवकों सहित सभी के खिलाफ लॉक डाउन का मुकदमा भी दर्ज किया गया है। बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना के मरीजों में लगातार वृद्धि हो रही है। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस लगातार अपने पैर पसार रहा है। लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज में कल 1062 सैंपल टेस्ट किए गए, जिसमें से 98 सैंपल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें राजधानी लखनऊ में शनिवार को 54 नए केस आने के बाद यहां कोरोना पॉजिटिव की संख्या 160 पहुंच गई है। इसी तरह आगरा में भी आज 24 नए केस सामने आए हैं। वहीं फिरोजाबाद में 11 और बिजनौर में 7 व सीतापुर में 3 नए केस मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications