मेरठ में बीजेपी प्रत्याशी अरुण गोविल के रोड शो में चोरों ने खाली कर दिए लोगों की जेब, जानिए पूरा मामला
Meerut News Uttar Pradesh: रामायण धारावाहिक में प्रभु श्रीराम का किरदार निभा चुके अरुण गोविल इन दिनों उत्तर प्रदेश के मेरठ लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी के रुप में अपनी दावेदारी कर रहे हैं। इनके रोड शो के दौरान कुछ लोगों की जेब खाली होने यानी पैसे चोरी होने का मामला सामने आया है। पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है और इस मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, मेरठ में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर 22 अप्रैल को बीजेपी प्रत्याशी अरुण गोविल का रोड शो था। इस रोड शो में दीपिका चिखलिया व सुनील लहरी भी थे। इस दौरान भारी संख्या में लोग मौजूद थे। इस रोड शो में चोरों का एक गैंग भी सक्रिया था। जिसने कई कार्यकर्ताओं के मोबाइल,पैसे और पर्स चोरी कर लिए। महिलाओं के भी पर्स चोरी हुए हैं। इस घटना के बाद कई लोगों ने मेरठ के नौचंदी थाने में केस दर्ज कराया।

बीजेपी के पश्चिम क्षेत्र के संयोजक आलोक सिसोदिया का भी मोबाइल फोन चोरी हो गया है।कुछ व्यापारी भी चोरों का शिकार बने हैं। एक पीड़ित शख्स ने बताया- मैं दुकान छोड़कर काफिला देखने चला गया था। लौट कर आया तो देखा कि मेरे छत्तीस हजार रुपए गायब हो गए हैं।
इसी बीच तीन लोग पकड़े गए जिनके पास से चोरी के कुछ मोबाइल भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया है, जो कि दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके पास से एक गाड़ी भी बरामद हुई है।
मामले में सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। वे दिल्ली के रहने वाले हैं। इन लोगों के पास से कुछ मोबाइल भी बरामद हुए हैं. फिलहाल, जांच-पड़ताल की जा रही।












Click it and Unblock the Notifications