शादी के 15 दिन बाद मिला तलाक, धर्म बदलकर फरहीन से अन्नू बनी, हिंदू रीति रिवाज से रचाई शादी
Meerut News, मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। यहां तलाकशुदा फरहीन से अन्नू बनी युवती ने धर्म परिवर्तन कर हिंदू रीति रिवाज के साथ अमरदीप चौधरी के साथ सात फेरे लिए। इस दौरान अन्नू की मां व लड़के के भाई के साथ हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी भी मौजदू रहे। बता दें कि इससे पहले भी ऐसा ही एक मामला पीलीभीत में भी सामने आया था।

क्या है मामला
जानकारी के अनुसार, मवाना के खेड़ी मनिहार गांव निवासी फरहीन का एक साल पहले मेरठ निवासी युवक के साथ निकाह हुआ था। लेकिन 15 दिन में ही उसे तीन तलाक बोलकर छोड़ दिया गया। युवती मायके में आकर रहने लगी। इस दौरान फरहीन का गांव निवासी अमरदीप चौधरी से प्रेम हो गया। काफी समय से दोनों एक-दूसरे के साथ ही रह रहे थे। जिसका विरोध लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने किया।

लड़की पक्ष ने किया 100 नंबर पर फोन
लड़की के पक्ष के लोगों ने 100 नंबर पर फोन कर गांव का माहौल बिगड़ने का अंदेशा जताया। इस पर गुरुवार दोपहर पुलिस अमरदीप को पकड़कर थाने ले आई, लेकिन पीछे-पीछे युवती अपनी मां शाहिदा के साथ पहुंच गई। उन्होंने अमरदीप को हिरासत में लेने का विरोध किया। लड़के का भाई अमित भी पहुंच गया तो दोनों के परिजनों के बीच लंबी वार्ता हुई। परिजन दोनों की शादी पर सहमत हो गए।

शिव मंदिर में हुई शादी
सूचना पाकर हिदू जागरण मंच के जिला मंत्री नवनीत चौहान के साथ संगठन पदाधिकारी गौरव गुर्जर, देवेंद्र वर्मा आदि पहुंच गए। इसके बाद तहसील स्थित शिव मंदिर के पुजारी द्वारा विधिविधान से युवती का धर्म परिवर्तन कर नया नाम अन्नू रखा गया। दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि के सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंध गए। मां शाहिदा व उपस्थित लोगों ने आशीर्वाद दिया। इस दौरान लड्डू भी बांटे गए।












Click it and Unblock the Notifications