कोरोना के बीच मेरठ में ब्लैक फंगस का कहर, अब तक तीन लोगों की मौत
मेरठ, मई 19: कोरोना वायरस महामारी के बीच ब्लैक फंगस का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। यूपी के मेरठ में ब्लैक फंगस से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 27 लोग इससे पीड़ित हैं। इन मरीजों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा रहा है। सीएमओ डॉक्टर अखिलेश मोहन ने बताया कि ब्लैक फंगस के लिए मेडिकल कॉलेज में अलग वॉर्ड बन रहा है। अखिलेश मोहन का कहना है कि कोरोना के ग्राफ में कमी आई है और वैक्सीनेशन को लेकर अच्छा कार्य चल रहा है।

मेरठ में पिछले 24 घंटे में 447 नए केस
मेरठ में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे के दौरान कोरोना के 447 नए केस मिले हैं, जबकि कुल एक्टिव मामलों की संख्या भी घट गई है। वहीं, इस दौरान 13 और मौत हुई है। मेरठ में कुल एक्टिव मामलों की संख्या 16,466 है। होम आईसोलेशन में अब 6180 मरीज हैं। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को लेकर मेरठ में अलग पीडिएट्रिक वॉर्ड बनाने की कार्रवाई शुरु की गई है। सीएमओ डॉक्टर अखिलेश मोहन ने बताया कि कोरोना की दूसरे लहर से जंग के बीच अब कोरोना की तीसरी लहर को लेकर भी युद्धस्तर पर तैयारियां शुरु हो गई हैं। तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर मेडिकल कॉलेज वूमेंस हॉस्पिटल और अन्य अस्पताल में पीडिएट्रिक वार्ड को लेकर कार्रवाई शुरु चुकी है।
सीएमओ ने लोगों से की ये अपील
सीएमओ डॉक्टर अखिलेश मोहन ने बताया कि अभिभावक बच्चों को मास्क जरुर लगवाएं। घर के अंदर रखें और हाथ सैनेटाइज करवाते रहें। उन्होंने कहा कि कोरोना से बचाव का यही यूनिवर्सल तरीका है। सीएमओ ने कहा कि अभिभावक खुद भी कोरोना से बचें और बच्चों को भी बचाएं। उन्होंने कहा कि अगर तीसरी लहर दस्तक देती है तो हम ऐसी तैयारी कर रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द उसपर नियंत्रण किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications