Meerut: लिव-इन में बेवफाई का खौफनाक अंजाम, सिर में तवा मारकर ले ली अधेड़ प्रेमिका की जान
परतापुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां 20 सालों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक महिला का उसके ही प्रेमी ने सिर पर तवा मार कर कत्ल कर दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक घंटे में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का कहना है कि बेज्जती और बेवफाई से परेशान होकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया है।
20 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे दोनों
दरअसल, 50 वर्षीय लीलावती के पति तेजपाल की लगभग 20 साल पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद से लीलावती 40 वर्षीय देशराज के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। वर्तमान समय में लीलावती अपने बेटे कृष्ण और प्रेमी देशराज के साथ मोहिउद्दीनपुर स्थित रविंद्र के मकान में किराए पर रहती थी। लीलावती इकला रोड स्थित एक बोतल फैक्ट्री में काम करती थी।

दो प्रेमियों के बीच आया तीसरा, बेवफाई नहीं हुई बर्दाश्त
देशराज का कहना है कि ब्रहस्पतिवार की रात वह हरिद्वार से घर वापस आया तो लीलावती के साथ राहुल नाम का युवक घर में मौजूद था। जिसे लेकर उसकी लीलावती से कहासुनी हुई थी। लीलावती का कहना था कि राहुल उसके साथ बोतल फैक्ट्री में काम करता है और किसी काम के लिए घर आया था। उस समय मामला शांत हो गया। लेकिन शुक्रवार की रात एक बार फिर उसने लीलावती को फोन पर राहुल से बात करते पकड़ लिया। जिसे लेकर दोनों की कहासुनी हुई।
सिर पर दे मारा तवा, मौके पर मौत
इसी कहासुनी के दौरान लीलावती ने गुस्से में देशराज पर झाड़ू फेंक कर मार दी। जिससे आग-बबूला हुए देशराज में पास में रखा तवा उठाकर लीलावती के सिर में मार दिया। तवा लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद प्रेमिका की लाश को छोड़कर देशराज मौके से फरार हो गया। जब लीलावती का बेटा कृष्ण घर पर पहुंचा और मां का खून से लथपथ शव देखा तो फ़ौरन घटना की जानकारी पुलिस को दी।
महज एक घंटे में हत्यारा पुलिस की गिरफ्त में
देशराज के गायब मिलने पर पुलिस ने आनन-फानन में तत्परता दिखाते हुए देशराज के मोबाइल को सर्विलांस पर डाल दिया। इंस्पेक्टर परतापुर रामफल ने बताया कि पुलिस की दो टीमें बनाई गईं। जिसमें एसआई निकलेश रस्तोगी और एसआई शेखर को रेलवे स्टेशन और फुटबॉल चौक पर तैनात किया गया। इसी बीच आरोपी की लोकेशन फुटबॉल चौक पर मिली तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे रात को ही फुटबॉल चौक से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की गिरफ्त में आने पर आरोपी ने सच्चाई कुबूल ली। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications