Meerut : अंगीठी के धुंए से मौत की नींद सो गया पूरा परिवार, पति-पत्नी और मासूम बच्ची की हुई दर्दनाक मौत
नए साल का जश्न एक परिवार के लिए मौत की वजह बन गया। कमरे में अंगीठी जलाकर नेपाली परिवार सेलिब्रेशन के बाद सो गया। जिसके बाद दम घुटने से पति, पत्नी और मासूम बच्ची की मौत हो गई।

सर्दी से बचने के लिए कोई अंगीठी का सहारा ले रहा है तो बहुत से लोग हीटर और ब्लोअर का इस्तेमाल कर रहे हैं। लेकिन, इनके इस्तेमाल में जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद से एक बेहद ही दुखद घटना सामने आई है, जिसमे नए साल का जश्न एक परिवार के लिए मौत की वजह बन गया। कमरे में अंगीठी जलाकर नेपाली परिवार सेलिब्रेशन के बाद सो गया। जिसके बाद दम घुटने से पति, पत्नी और मासूम बच्ची की मौत हो गई। एक साथ तीन मौतों को देखकर कोहराम मच गया। पुलिस ने फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

अंगीठी के धुंए से मौत की नींद सो गया पूरा परिवार
दरअसल, यह सनसनीखेज घटना मेरठ के थाना टीपी नगर क्षेत्र की है। जहां 31 दिसंबर की रात को नए साल का जश्न मनाते हुए एक परिवार मौत की नींद सो गया। जानकारी अनुसार उद्यमी आलोक बंसल के घर चंदर नाम का नेपाली नौकर काम करता था। चन्दर अपने परिवार के साथ एक कमरे में रहता था। जहां देर रात चन्दर, उसकी पत्नी राधा और बेटी नए साल का जश्न मना रहे थे। वहीं ठंड से बचने के लिए कमरे में अंगीठी जलाई गई थी। लेकिन इसी अंगीठी के धुए से पूरे परिवार का दम घुट गया और हमेशा के लिए मौत की नींद सो गए। बता दें कि इस घटना की जानकारी माकन मालिक को तब हुई जब उन्होंने कमरे से धुआं निकलता देखा। उद्यमी के परिवार ने छानबीन शुरू की, तो पता लगा कि पति पत्नी की मौत हो चुकी है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मासूम बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया था। फिलहाल माना जा रहा है कि अंगीठी की वजह से कमरे में ऑक्सीजन लेवल कम हो गया। जिसके चलते दम घुटने के कारण तीनों की मौत हो गई। इसलिए फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ताकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही हकीकत सामने आ सके। साथ ही फॉरेंसिक टीम भी इस घटना की जांच में जुट गई है।
Recommended Video


लापरवाही से जा सकती है जान, सर्दियों में रखें ध्यान
सर्दी से बचने के लिए अगर आप अंगीठी जलाते हैं, इसके लिए कोयला या लकड़ी का इस्तेमाल करते हैं तो अलर्ट रहें। अंगीठी के अलाव से कार्बन मोनोऑक्साइड गैस निकलती है, जो जहरीली होती है, इससे जान जा सकती है। खासकर जब कोई बंद कमरे में इसका इस्तेमाल करता है तो कमरे के अंदर ऑक्सिजन खत्म हो जाती है और कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा बढ़ जाती है। सोया हुआ व्यक्ति जब सांस लेता है तो ऑक्सिजन की जगह कार्बन मोनोऑक्साइड ही शरीर में जाती है, जिससे दिमाग पर असर होता है और इंसान बेहोश हो जाता है। यही नहीं सांस के जरिए यह जहरीली गैस लंग्स और शरीर के बाकी हिस्सों में पहुंच हाती है। ब्लड में हीमोग्लोबीन की मात्रा कम हो जाती है और इंसान की मौत हो जाती है।












Click it and Unblock the Notifications