मेरठः रेस्टरोंट में बिल को लेकर हुआ विवाद तो शुरू हो गई अंधाधुंध फायरिंग, गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा इलाका
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में खाने के बिल को लेकर हुए मामूली विवाद में गुरुवार की देर रात को अंधाधुंध फायरिंग हो गई। यह घटना आईजी कार्यालय के पास घटित हुई। गोलियों की आवाज सुन पुलिस ने तत्परता बरतते हुए आनन-फानन में गोलियां चलाने वाले पांच रईसजादों को हिरासत में ले लिया। एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपियों के पास से पिस्टल बरामद करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

उधर, एक आरोपी को भाजपा के एक नेता का रिश्तेदार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने ऐसी बात से इनकार किया है। दरअसल आईजी कार्यालय के निकट स्थित रोटी बोटी रेस्टोरेंट में देर रात दो कारों में सवार कुछ युवक खाना खाने पहुंचे थे। एसपी क्राइम रामअर्ज ने बताया कि खाना खाने के बाद बिल को लेकर युवकों की रेस्टोरेंट संचालक से बहस हो गई। इसी दौरान शराब के नशे में धुत युवकों ने रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
घटना के बाद रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया। उधर, पॉश एरिया में हुई फायरिंग की सूचना मिलते ही एसपी सिटी सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए भाग रहे पांचों आरोपियों को धर दबोचा। जानकारी के मुताबिक आरोपियों में से एक सत्ताधारी दल से जुड़े एक नेता का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
जिसके चलते देर रात तक सिविल लाइन थाने में आरोपियों को छुड़ाने के लिए शहर के प्रभावशाली लोगों का तांता लगा रहा। मगर पुलिस ने आरोपियों को छोड़ने से इंकार कर दिया। एसपी क्राइम ने बताया कि आरोपियों के पास से पिस्टल, कारतूस और कारतूस के खाली खोके सहित 2 कार बरामद की गई हैं। सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः मेरठः सीएए के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन के दौरान 40 सुरक्षाबलों को उपद्रवियों ने जिंदा जलाने की थी कोशिश, वीडियो जारी












Click it and Unblock the Notifications