Meerut News: सरधना में कुर्बानी के अवशेष खुले में फेंकने से लोगों में आक्रोश, अधिकारी बोले- कराई जाएगी जांच
Meerut News: ईद-उल-अजहा के पर्व पर जहां चारों ओर अमन और भाईचारे की तस्वीर देखने को मिली, वहीं मेरठ के सरधना क्षेत्र में एक घटना ने शांति को झकझोर दिया। कुर्बानी के अवशेष खुले में फेंकने को लेकर लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
सरधना के जुल्हेड़ा रोड पर यह मामला सामने आया, जहां स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खुले में पड़े कुर्बानी के अवशेष देखे। अव्यवस्था को देखकर लोग आक्रोशित हो उठे और नगर पालिका के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जानबूझकर ऐसा किया गया ताकि माहौल बिगड़े और ईद की खुशियों में खलल पड़े। भीड़ धीरे-धीरे इकट्ठा होने लगी और घटना ने विवाद का रूप ले लिया। मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई थी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, अवशेष हटाए गए
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से बात कर माहौल को शांत करने का प्रयास किया। पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से पहले ही संभाल लिया और लोगों से संयम बरतने की अपील की।
नगर पालिका के कर्मचारी भी हरकत में आए और अवशेषों को तुरंत हटाने का काम शुरू किया गया। ठेले के ज़रिए अवशेषों को निर्धारित स्थान तक ले जाकर वहां सुरक्षित तरीके से निस्तारण किया गया।
मंडी चमारान के सभासद वीर सिंह भाटी ने नगर पालिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ कर्मचारी माहौल को जानबूझकर खराब करना चाहते हैं। उन्होंने इसे सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि उकसाने की कोशिश बताया।
सभासद ने प्रशासन से मांग की कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अगर इस पर सख्ती नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।
एसडीएम ने दिए जांच के आदेश, कार्रवाई के संकेत
एसडीएम दीक्षा जोशी ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और अधिकारियों को तुरंत जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी कर्मचारी क्यों न हो।
प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है और लोगों को भरोसा दिलाया है कि घटना की पूरी तरह से जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इलाके में अब अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
इधर, बकरीद की नमाज़ के दृष्टिगत मंडलायुक्त मेरठ एवं डीआईजी रेंज मेरठ कलानिधि नैथानी द्वारा जनपद मेरठ के शाही ईदगाह व प्रमुख मस्जिदों एवं स्थलो का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।












Click it and Unblock the Notifications