Meerut: बच्चों के बीच हुए विवाद में चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, महिला समेत एक अन्य की मौत और कई घायल
मेरठ में हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है। 2 बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद में एक महिला समेत एक अन्य की गोली लगने से मौत हो गई है। घटना के बाद गांव में भारी फोर्स तैनात की गई है।

यूपी के मेरठ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमे 2 बच्चों के बीच हुए विवाद ने इतना भयानक रूप ले लिया कि इसमें 2 लोगों की जान चली गई। घटना रविवार देर शाम की है जहां बच्चों को लेकर हुए मामूली विवाद में संप्रदाय विशेष के दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। पहले तो दोनों तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ फिर अचानक फायरिंग शुरू हो गई। इसमें महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची छह थानों की फोर्स ने मोर्चा संभाला।

कई राउंड फायरिंग, 2 की मौत
बता दें कि रविवार की देर शाम मेरठ के खरखोदा थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में रहने वाले मेहताब और इकबाल के बच्चों में शाम के समय किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। जिसके बाद दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार चले और पथराव हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग भी की गई। जिसमें इकबाल की पत्नी अफरोज और मस्जिद से नमाज पढ़ कर लौट रहे मेहराज की गोली लगने से मौत हो गई।

Recommended Video

गांव में भारी फोर्स तैनात
वहीं इस घटना में कई अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना के चलते पूरे गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के बाद एसपी सिटी पीयूष सिंह, सीओ सिविल लाइन अरविंद चौरसिया, सीओ किठौर समेत 6 थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने हालात को काबू में करते हुए घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के बाद गांव में भारी फोर्स तैनात की गई है।












Click it and Unblock the Notifications