मेरठ के बिल्डर पर इनकम टैक्स ने लगाया 42 करोड़ का जुर्माना, 25 करोड़ की पुरानी करेंसी हुई थी बरामद
मेरठ, 09 जुलाई: यूपी के मेरठ में 2017 में 25 करोड़ की पुरानी करेंसी पकड़ी गई थी। इस मामले में इनकम टैक्स की ओर से बिल्डर संजीव मित्तल पर 42 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया गया है। मेरठ की परतापुर पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कर उस समय इस मामले में चार लोगों को अरेस्ट किया गया था। बरामद हुए 25 करोड़ आज भी परतापुर थाने के मालखाने में रखे हुए हैं।

दरअसल, 29 दिसंबर 2017 में मेरठ पुलिस ने दिल्ली रोड पर राजकमल एनक्लेव में बिल्डर और कारोबारी संजीव मित्तल के घर और ऑफिस पर 2017 को छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस को 25 करोड़ रुपए की पुरानी करेंसी मिली थी। सभी नोट एक हजार और 500 के थे। संजीव मित्तल उस समय फरार हो गए थे, जबकि पुलिस ने एक दलाल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया था। पकड़े गए तीन आरोपी संजीव मित्तल के कर्मचारी थे। परतापुर थाने में पुलिस की ओर से मुकदमा कायम किया गया था।
इस मामले में ईडी और इनकम टैक्स विभाग भी जांच कर रहा है। आईटी की ओर से नोटिस देकर जांच के लिए संजीव मित्तल को कई बार बुलाया गया। जांच के दौरान संजीव मित्तल की कई कंपनियों और बाकी प्रॉपर्टी की कीमत करोड़ों में आंकी गई। इसके बाद संजीव मित्तल पर इनकम टैक्स की ओर से 42.19 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है। संजीव को नोटिस दिया गया है। ईडी की तरफ से अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब संजीव मित्तल की ओर से अपील की तैयारी की जा रही है। संजीव मित्तल ने कहा कहा कि नोटिस को लेकर कानपुर में इनकम टैक्स अधिकारियों के सामने अपील करेंगे। अभी जो भी कार्रवाई हुई है, इस संबंध में विशेषज्ञों से राय ले रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications