पढ़ाई छोड़ने को मजबूर कक्षा 9 की छात्रा; पिता को भेजी तमंचे के साथ फोटो, लिखा: 'बेटी को उठा ले जाऊंगा'
उत्तर प्रदेश का मेरठ एक बार फिर दबंगई को लेकर चर्चाओं में आ गया है। मामला है एक मनचले किशोर के कारण कक्षा नौ की मात्र 12 वर्षीय छात्रा की पढाई छूट जाना। दरअसल, एक खास समुदाय से रिश्ता रखने वाला एक दबंग नाबालिग किशोर ने एक पिता के मोबाइल पर अपनी तमंचे के साथ फोटो भेजते हुए लिखा कि 'तेरी बेटी को उठा कर ले जाऊंगा', जिसके बाद पीड़िता का पिता सोमवार को अपनी बेटी को लेकर थाने पहुंचा है और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है।
12 वर्षीय छात्रा को तमंचे के बल पर उठाने की धमकी
बता दें कि मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी 12 वर्षीय बेटी कक्षा नौ की छात्रा है। उनके पड़ोस में रहने वाला एक किशोर पिछले काफी समय से स्कूल आती-जाती उनकी बेटी को परेशान करता था। दोस्ती न करने पर किशोर तमंचा दिखाते हुए छात्रा को घर से उठा ले जाने की धमकी देता था। जिस कारण दहशत में आई छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया।

मोबाइल पर भेजी तमंचे के साथ फोटो
वहीं पीड़ित पिता ने आरोप लगाते हुए बताया कि अब आरोपी उनके मोबाइल पर हाथ में तमंचा लिए हुए अपने फोटो भेज रहा है। इसी के साथ उनकी बेटी को घर से उठाकर ले जाने की धमकी दे रहा है। दहशत में आए पीड़ित ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए आरोपी द्वारा भेजे गए फोटो भी दिखाए। जिसके बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

मनचले के डर से स्कूल जाना किया बंद
आपको बताते चलें कि जब पीड़ित पिता ने पुलिस के एलावा स्कूल प्रबंधन से इस बारे में बताते हुए कहा कि बेटी अब स्कूल नहीं आएगी। तब स्कूल प्रबंधन ने भी उनका पूरा साथ देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बेटी की सुरक्षा का पूरा इंतेज़ाम किया जाएगा, लेकिन आप उसे स्कूल आने से न रोकें। वहीं छात्रा उस मनचले से इतना खौफजदा है कि उसने स्कूल के आश्वासन के बावजूद उसने स्कूल जाने से साफ़ मना कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications