मेरठ: गुटखा व्यापारी के घर घुसकर बदमाशों ने की लूट, विरोध करने पर 5 लोगों को मारी गोली
घटना से गुस्साए लोगों ने शारदा रोड पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते हुए जाम लगा दिया। घायल हुए सुशील के बेटे अभिषेक उर्फ सेंटी को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मेरठ। थाना ब्रह्मपुरी में हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट करते हुए दिलबाग गुटखे के थोक व्यापारी को गोली मार दी। विरोध करने आए व्यापारी के बेटे समेत चार लोगों को और गोली मारकर घायल कर दिया। चारों घायलों में से व्यापारी के बेटे की मौत हो गई है। ब्रह्मपुरी निवासी सुशील वर्मा उर्फ शीलू के घर पर यह दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया।

दरअसल गुरुवार देर रात तीन बदमाश घर के अंदर घुसे और तीन बाहर खड़े हो गए। सुशील से 72 हजार की नगदी लूटने का विरोध करने पर एक के बाद एक बदमाशों ने पांच लोगों को गोली मार दी। बाद में बदमाश सोने की चेन, 72 हजार की नगदी और लैपटॉप लूटकर फरार हो गए। इस घटना में घायल हुए सुशील के बेटे अभिषेक उर्फ सेंटी को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों उमेश, अखिल और अन्य को केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


मौके पर पहुंचे एसपी सिटी आलोक प्रियदर्शी का आक्रोशित लोगों ने घेराव करते हुए विरोध किया। गुस्साए लोगों ने शारदा रोड पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंकते हुए जाम लगा दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी जे रविंद्र गौड़ मौके पर पहुंचे लेकिन लोगों ने उन्हें भी घेर लिया और जमकर खरी-खोटी सुनायी। हंगामे के दौरान भीड़ ने एसएसपी के साथ धक्कामुक्की भी की। घटना की जानकारी लगने पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों को लोगों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। हत्या के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। लोगों ने एसएसपी से घटना के विरोध में गहरा आक्रोश जताया है। फिलहाल ब्रह्मपुरी क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications