मेरठ: पुलिस टीम पर पथराव करने वाले कोरोना संक्रमित आरोपी की मौत, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 11 अप्रैल को हॉट स्पॉट इलाके जली कोठी को सील करने गई पुलिस पर कुछ लोगों ने पथराव किया था। पथराव में शामिल 8 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसमें से एक आरोपित कोरोना पॉजिविट मिला था। गुरुवार देर रात मेडिकल अस्पताल में उसकी मौत हो गई। 57 वर्षीय यह व्यक्ति पहले से ही सांस का मरीज था और जमातियों के संपर्क में आया था। इसके साथ कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है।

जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. विश्वास चौधरी ने बताया कि 57 साल का ताहिर जली कोठी के पास अहमद नगर का रहने वाला था। उसे चार दिन पहले परिजनों ने मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया था। 14 अप्रैल को ताहिर को कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई थी। बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बजे वह टॉयलेट गया था। वहां से आकर बिस्तर के पास ही गिर गया और उसकी मौत हो गई। बता दें कि जली कोठी में कोरोना वारियर्स की टीम पर हुए हमले के मामले में ताहिर को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
इससे पहले क्रॉकरी कारोबारी इकरामुल हसन के ससुर 72 साल के अब्दुल अहाद की एक अप्रैल को मौत हो चुकी है। वह भी कोरोना पॉजिटिव थे। वहीं, एसपी सिटी डॉ. एएन सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम की मौजूदगी में ताहिर को ईदगाह कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक करा दिया गया है।
आठ लोगों को किया था गिरफ्तार
जली कोठी क्षेत्र को हॉटस्पॉट चिह्नित करने के बाद सील करने गए सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र सिंह और दारोगा मुकेश कुमार पर पथराव हुआ था। इसके बाद एक्शन में आई पुलिस ने दस लोगों को नामजद करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया था, जबकि तीन जमातियों को क्वारंटाइन कर दिया। दो आरोपितों को पुलिस ने सदर बाजार थाने की हवालात में रखा था, जबकि छह आरोपितों को सुभारती मेडिकल कॉलेज में क्वारंटाइन कर दिया। पुलिस ने सभी के सैंपल जांच को भेजे थे।
चार पुलिसकर्मियों समेत पांच लोगों किया गया था होम क्वारंटाइन
सोमवार को आई रिपोर्ट में एक बवाली में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो गई। संक्रमित आरोपित सदर बाजार थाने की हवालात में अपने एक अन्य साथी के साथ है। अब पुलिस आरोपित से जुड़े सभी पुलिसकर्मियों की जांच पड़ताल करा रही है। सदर थाने के लॉकअप में रखे गए आरोपित के पॉजिटव पाए जाने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार का कहना है कि फिलहाल दो दरोगा, दो सिपाहियों और एक सफाईकर्मी को उनके घर पर ही क्वारंटाइन किया गया है। पॉजिटिव पाया गया व्यक्ति किस-किस के संपर्क में आया है, इसकी पहचान के लिए एसपी सिटी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जो भी पुलिसकर्मी उक्त व्यक्ति के संपर्क में आया होगा, उन्हें भी क्वारंटाइन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications