Meerut: पहले चाकू से अपना गला काटा फिर बस के आगे कूद गया युवक, कैमरे में कैद हुई घटना
उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां डिप्रेशन के शिकार एक युवक ने टूरिस्ट बस के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात ये है कि पहले युवक चाकू से अपना गला काटने की कोशिश की, फिर बस के सामने छलांग लगा दी। वहीं यह घटना बस में लगे कैमरे में कैद हो गई। वीडियो वाकई दिल दहला देने वाली है।
पहले खुद का गला काटने की कोशिश
बता दें कि घटना मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र के कनौड़ा गांव के सामने से गुजर रहे हाईवे की है। जानकारी अनुसार, कनौड़ा गांव निवासी जितेंद्र कुछ दिनों से डिप्रेशन में चल रहा था। सोमवार सुबह जितेंद्र दौराला पहुंचा और हाईवे पर खड़ा होकर चाकू से अपना गला रेतने लगा। लोगों ने उसे ऐसा करते देखा तो उससे चाकू छीन लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी में उपचार दिलाया और थाने ले आई।

शाम को दोबारा बस के आगे कूदा युवक
इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र की मां लक्ष्मी व पिता समंद्र सैन को सूचना देकर थाने बुलाया और उनकी सुपूर्दगी में युवक को घर भेज दिया। लेकिन शाम को जितेंद्र दोबारा घर से निकला और कनौड़ा गांव के सामने से गुजर रही टूरिस्ट बस के सामने कूद गया। अचानक सामने आए युवक को देख बस ड्राइवर भी ब्रेक नहीं लगा सका और युवक बस से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

कैमरे में कैद हुई घटना, वीडियो हुआ वायरल
उधर, सूचना पर पहुंचे परिजन पहले तो टूरिस्ट बस के चालक पर टक्कर मारने का आरोप लगाते रहे। लेकिन बस में लगे कैमरे में युवक के कूदने की वीडियो कैद हो गई, जिससे पूरा मामला साफ़ हो गया। वहीं पुलिस ने वीडियो अपने कब्जे में ले ली और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications