Mau News: 'ज्योति यादव' बनकर डीएम को धमकी देने वाले को पुलिस ने पकड़ा, जानिए पूरा मामला
Mau News: मऊ जनपद की घोसी विधानसभा में उपचुनाव के दौरान मऊ के जिलाधिकारी को एक्स (ट्विटर) पर धमकी देने वाले को पुलिस ने खोज निकाला है। धमकी देने वाला ज्योति यादव नाम से अपना अकाउंट बनाया था, पकड़ा गया तो पता चला की लड़की नहीं वह लड़का है। मऊ कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पकड़े गए आरोपी के खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि पकड़ा गया युवक चंदौली जनपद का रहने वाला है और सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बनाकर वह घोसी विधानसभा में हो रहे उपचुनाव के दौरान जिलाधिकारी को धमकी दिया था।

दरअसल, मऊ जनपद की घोसी विधानसभा सीट पर दारा सिंह चौहान के समाजवादी पार्टी छोड़ने के बाद उपचुनाव हुआ। उपचुनाव मतदान के दौरान एक्स (ट्विटर) पर ज्योति यादव नाम से बने एक अकाउंट से जिलाधिकारी मऊ को धमकी दी गई थी।
धमकी भरे संदेश में लिखा गया था कि "मुऊ के डीएम शहाब को मेरी सीधी चेतावनी देती हूं अगर किसी तरह सपा के वोटरों पर लाठीचार्ज या उनके वोट देने की अधिकार नही मिला तो ये बात याद कर लेना डीएम शहाब सपा सरकार आनेपर तुम्हे तुम्हारी इसी नौकरी से हाथ धो बैठोगे 2026 में अखिलेश सरकार बनते ही तुम्हे असली औकात दिखा देंगे याद करना।"
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस द्वारा तत्काल विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू की गई। जांच पड़ताल शुरू होने के बाद पता चला कि जिस ज्योति यादव के नाम से ट्विटर पर आईडी बनी है वह फर्जी है उसे कोई लड़का चलाता है।
जांच पड़ताल आगे बढ़ी तो पुलिस को पता चला कि उस अकाउंट को चंदौली जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र का रहने वाला रिंकू यादव पुत्र कैलाश यादव चला रहा है। ऐसे में पुलिस टीम उसकी खोजबीन में लगी हुई थी। सोमवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रिंकू यादव को बाल निकेतन तिराहा के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में रिंकू यादव द्वारा यह स्वीकार किया गया कि वह ज्योति यादव के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर चला रहा था। उसने यह भी कहा कि घोसी उपचुनाव के दौरान उसने ही ट्वीट करते हुए मऊ डीएम को धमकी दी थी। पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार करते हुए पुलिस टीम द्वारा चालान कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications