Mathura News: दामाद को जिंदा जलाया, पत्नी से विवाद के बाद जा रहा था थाने, रास्ते में रोककर लगा दी आग
UP Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मथुरा जनपद में ससुराल वालों ने दामाद को पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया। जिंदा जलाने के बाद ससुराल वाले फरार हो गए।
वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के घर और गांव से काफी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। उसके बाद लोगों ने कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

इस मामले में पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों पर कार्रवाई करने की बात कही गई उसके बाद लोग शांत हुए। लेकिन फिर भीड़ पहुंच गई और लोग हंगामा करने लगे। मृतक के पिता पप्पू द्वारा दी गई तहरीर पर मृतक के ससुर श्याम और साले वीरेंद्र और अटल तथा चचेरे साले खुशीराम व वीरी और नटवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
2 साल पहले हुई थी शादी
मृतक के पिता पप्पू ने बताया कि महोली गांव के रहने वाले 22 वर्षीय विजय की शादी 2 साल पहले भूडूरसू की रहने वाली पिंकी के साथ हुई थी। शादी के बाद पिंकी और विजय में कुछ बात को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़ा के बाद पिंकी अपने मायके चली गई।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी में लगातार झगड़ा होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा था। उसके बाद पिंकी ससुराल गई थी लेकिन फिर विवाद होने के बाद वह मायके चली आई। इस मामले में पुलिस से शिकायत करने के बाद दोनों पक्षों में समझाैता करने की बात हुई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार को इसी सिलसिले में विजय थाने जा रहा था।
इसी दौरान हाइवे पर ससुराल वालों ने विजय को रोक लिया। रोकने के बाद ससुराल वालों ने पेट्रोल छिड़क कर उसे आग लगा दी। आग लगने के बाद विजय चिल्लाते हुए भागने लगा। आसपास के लोग जब तक उसके पास पहुंचकर आग बुझाते तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गया था।
उसके बाद लोग अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विजय की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके घर वाले थाने पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। रात तक काफी संख्या लोग वहां जुटकर नारेबाजी करते नजर आए। फिलहाल इस मामले में एसपी सिटी अरविंद कुमार सिंह द्वारा बताया गया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications