स्विफ्ट कार में फंसे शव को 10 किलोमीटर तक घसीटा, कोहरे के चलते हुआ दर्दनाक हादसा
Yamuna Expressway Accident: थाना मांट इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर स्विफ्ट कार में फंसा हुआ एक शव कई किलोमीटर दूर तक घसीटते चले जाने से चिथड़े-चिथड़े हो गया। पुलिस द्वारा दी गई अनुसार 10 किलोमीटर तक इस शव को घसीटा गया।

उत्तर प्रदेश के यमुना एक्सप्रेसवे से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जो आपको नए साल पर हुए दिल्ली के कंझावला हादसे की याद दिला देगी। मथुरा के थाना मांट इलाके में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्विफ्ट कार में फंसा हुआ एक शव कई किलोमीटर दूर तक घसीटते चले जाने से चिथड़े-चिथड़े हो गया। बताया जा रहा है कि जब यह स्विफ्ट कार टोल नाके पर टोल कटाने के लिए रुकी, तब वहां के कर्मचारी की नजर गाड़ी में फंसे मृत युवक पर पड़ी। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस भी शव को देखकर दंग रह गई। जिसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

10 किलोमीटर तक इस शव को घसीटा गया
दरअसल, यह पूरी घटना मथुरा ज़िले के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर बने मांट के जावरा टोल की है। पुलिस द्वारा दी गई अनुसार सुबह करीब 4 बजे आगरा से दिल्ली के लिए जा रही एक स्विफ्ट कार टोल कटाने के लिए नाके पर रुकी। लेकिन जब वहां खड़े टोलकर्मियों की नजर इस स्विफ्ट कार के पिछले हिस्से पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। गाड़ी के पिछले हिस्से में करीब 35-40 वर्षीय एक व्यक्ति का शत-विक्षत शव फंसा हुआ था।
टोल नाके के सुरक्षा कर्मियों ने फ़ौरन गाड़ी को रोक लिया और पुलिस को इस बारे में सूचना दी। जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। गाड़ी में फंसे शव की हालत देख पुलिस भी दंग रह गई। पुलिस का कहना है कि मौके पर शव को देखकर ये अंदाजा लगाया जा सकता है कि लगभग 10 किलोमीटर तक इस शव को घसीटा गया है।

Recommended Video

किसी और गाडी से हुआ एक्सीडेंट?
एक तरफ शव के टुकड़ों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तो वहीं दूसरी ओर दिल्ली के रहने वाले स्विफ्ट कार चालक वीरेन सिंह से पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी। कार चालक वीरेन सिंह ने पुलिस को बताया कि रास्ते में कोहरा बहुत ज्यादा था, इसलिए कुछ भी साफ़ साफ़ दिखाई नहीं दे रहा था। जिसके चलते हो सकता है इस व्यक्ति का किसी और गाडी से एक्सीडेंट हुआ और बाद में इसका शव मेरी गाड़ी में फंस गया। जिस वजह मुझे पता नहीं लगा।
वहीं दूसरी ओर पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हादसे के कारण पता लगा रही है। साथ ही, यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 106 पर जूता व मोबाइल एवं बॉडी के अवशेष पड़े मिले हैं। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि हादसा यही हुआ है। बता दें कि मृतक के शव की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।












Click it and Unblock the Notifications