मथुरा: हिस्ट्रीशीटर ने अस्थाई जेल में लगाई फांसी, झगड़े में हुआ था गिरफ्तार
मथुरा। कोरोना वारयस महामारी के बीच उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में फूल कटोरी देवी गर्ल्स कॉलेज में अस्थाई जेल बनाई गई है। रविवार को अस्थाई जेल में बंद एक हिस्ट्रीशीटर ने गमछे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कम्प मच गया। बता दें कि हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने झगड़े के एक मामले में गिरफ्तार किया था।

अस्थाई जेल में लगाई फांसी
जानकारी के मुताबिक, 24 अप्रैल को छाता थाना क्षेत्र निवासी हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू (25) को पुलिस ने झगड़े के एक मामले में अस्थायी जेल में बंद किया था। रविवार को सूचना मिली कि बंदी ने अस्थाई जेल के बाथरूम में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
एक दिन पहले हुई थी कोविड-19 की जांच
वहीं, मृतक वीरेंद्र द्वारा की गई आत्महत्या की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है। इस मामले में जेल अधीक्षक शैलेंद्र कुमार मैत्रेय ने बताया कि वीरेंद्र नाम के कैदी ने आत्महत्या कर ली है। यह कैदी धारा 147,148 और 149 के अलावा 307 504 और 506 मामले का वारंटी था। उन्होंने यह भी बताया 342, 354 के मामले मृतक के ऊपर दर्ज थे। जिलाध्यक्ष ने अभी बताया कि उसका छोटा भाई भी अस्थाई जेल में बंद है और मृतक का शनिवार को जिला अस्पताल में कोरोना वायरस की जांच भी हुई थी।
मथुरा में कोरोना मरीजों की संख्या 11 हुई
मथुरा जिले में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण का एक और मामला सामने आया। इसके साथ ही जनपद में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 11 हो गए। सीएमओ की मानें तो शनिवार को मथुरा में घनी आबादी वाले मनोहरपुरा में एक बुजुर्ग व्यक्ति के नमूने की जांच रिपोर्ट में वह कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया। उन्होंने बताया, 'जनपद से अब तक कुल 696 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं जिनमें से 11 में संक्रमण की पुष्टि हुई है और 513 निगेटिव पाए गए हैं। शेष के परिणाम आने बाकी हैं।'












Click it and Unblock the Notifications