मथुरा: पायलट अखिलेश कुमार जल्दी ही बनने वाले थे पिता, केरल विमान हादसे ने छीनी खुशियां
मथुरा। केरल के कोझिकोड एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर शाम को भयानक हादसा हुआ था। यहां पर दुबई से लौट रही फ्लाइट भारी बारिश की वजह से रनवे पर फिसल कर दो टुकड़े में बंट गई। इस हादसे में उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के रहने वाले को-पायलट अखिलेश कुमार भारद्वाज की मौत हो गई। शनिवार की सुबह इसकी सूचना परिजनों को मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, अखिलेश के भाई व अन्य परिजन केरल को रवाना हो गए हैं। बता दें कि एयर इंडिया विमान हादसे में दो पायलट समेत 20 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल है।
Recommended Video

2017 में ज्वाइन किया था एयर इंडिया
अखिलेश कुमार भारद्वाज (32) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के पोतरा कुड़ के रहने वाले है और एयर इंडिया में को-पायलट थे। अखिलेश कुमार ने 2017 में एयर इंडिया को ज्वाइन किया था। बता दें कि हादसे का शिकार हुआ एयर इंडिया का विमान वंदे मातरम मिशन के तहत यात्रियों को लेकर अपने देश वापस लौटा था। तभी रनवे पर लैडिंग करते वक्त हादसे का शिकार हो गया। बता दें कि दुबई से आ रहे इस विमान में पायलट और क्रू मेंबर समेत 190 यात्री सवार थे। हादसे की जानकारी एयर इंडिया की ओर से रात करीब 10:30 बजे परिवार को दी गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

अखिलेश के हैं दो भाई और एक बहन
तुलसीराम शर्मा के 3 पुत्र और एक पुत्री है। सबसे बड़ी पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है। दूसरे नंबर पर अखिलेश शर्मा थे। अखिलेश से छोटे राहुल और सबसे छोटा रोहित है। राहुल पानी का कारोबार करता है, वहीं रोहित पढ़ाई कर रहा है। जैसे ही हादसे की खबर मिली अखिलेश के छोटा भाई राहुल और बहनोई रात में ही केरल के लिए रवाना हो गए। वहीं, अखिलेश के पैतृक गांव मोहनपुर में भी मातम पसर गया है।

बच्चे के जन्म से पहले आई मौत की खबर
एयर इंडिया विमान हादसे ने को-पायलट अखिलेश कुमार भारद्वाज के परिवार की खुशियां छीन लीं। अखिलेश की पत्नी मेघा गर्भवती हैं। 10 दिन बाद उनकी डिलीवरी होनी है। परिवार में खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन उससे पहले अखिलेश की मौत की खबर आ गई। इससे परिवार में मातम पसर गया। परिजन यकीन नहीं कर पा रहे कि अखिलेश अब इस दुनिया में नहीं हैं। बता दें कि अखिलेश शर्मा की शादी करीब 2 वर्ष पूर्व ही धौलपुर निवासी मीरा से हुई थी। हालांकि अखिलेश की मौत की सूचना अभी परिवारीजनों ने पत्नी को नहीं दी है।












Click it and Unblock the Notifications