जयाप्रदा ने मथुरा की धार्मिक यात्रा पर सपा को लिया आड़े हाथ, कहा: "आजम खान का खेल ख़त्म"
पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अब सपा नेता आजम खान का खेल खत्म हो चुका है। उन्होंने न्यायालय का धन्यवाद देते हुए कहा कि आजम खान को जो सजा मिलनी चाहिए थी, मिल गई।

मथुरा का वृंदावन इन दिनों होली के रंगों में रंगा हुआ है। यहां की होली विश्वप्रसिद्ध होने साथ-साथ अनेको परंपराओं को भी संजोए हुए है। इसी बीच धार्मिक यात्रा पर आयी प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं बीजेपी नेता जयप्रदा ने मथुरा वासियों को होली की शुभकामनाए दी। इस दौरान उन्होंने मीडिया के सम्मुख होकर खुलकर उनके सवालों के जवाब भी दिए।
जयप्रदा ने आजम खान से लेकर रामचरितमानस के अपमान तक और मथुरा से चुनाव लड़ने के सवाल से लेकर उमेशपाल हत्याकांड पर खुलकर पत्रकारों से बात की। साथ ही उन्होंने मीडिया कर्मियों द्वारा बुल्डोजर पर किये गए सवाल पर सपा को आड़े हाथ भी लिया और उनके कार्यकाल के बारे में काफी कुछ कहा।

आजम खान का खेल खत्म, अखिलेश के राज में जंगल राज
पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि अब सपा नेता आजम खान का खेल खत्म हो चुका है। उन्होंने न्यायालय का धन्यवाद देते हुए कहा कि आजम खान को जो सजा मिलनी चाहिए थी, मिल गई। कहा कि वह सपा में रहीं, लेकिन सपा में महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। सपा का कार्यकाल भी लोगों ने देखा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश के राज में गुंडों का आतंक था और जंगल राज कायम था। जितना क्राइम सपा के शासन में रहा यह किसी से छिपा नहीं है। आज देश में मोदी जी के शासन और प्रदेश में योगी के शासन में महिलाएं पूरे सम्मान के साथ जी रही हैं।

क्या आप मथुरा से चुनाव लड़ेंगी?
वहीं जब उनसे पूछा गया कि क्या आप मथुरा से चुनाव लड़ेंगी तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आप हमारे और हेमा जी के बीच में लड़ाई करना चाहते हैं? हेमा जी हमारी बड़ी बहन है। हम दोनों एक दूसरे को बहुत प्यार करते हैं। यहां से चुनाव लड़ने के बारे में कभी सोचा भी नहीं है। उनके सामने हमारी कोई हैसियत नहीं है।
रामचरितमानस के अपमान पर नाराज
रामचरितमानस के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मैं भारत की बेटी हूं। सनातन धर्म को मानने वाले हम लोग भगवान श्रीराम में आस्था रखते हैं। उन्होंने कहा कि यह राम की भूमि है और हम सभी को भगवान राम के प्रति आस्था का भाव रखना हमारा कतर्व्य भी है।
Recommended Video


प्रयागराज उमेशपाल हत्याकांड पर कहा - "बख्शा नहीं जाएगा"
बुल्डोजर पर सवाल किये जाने पर उन्होंने कहा कि कानून के खिलाफ कार्य करने वालों को कोई लोरी तो नहीं सुनाएगा। उत्तर प्रदेश में कानून अपना काम कर रहा है। इलाहाबाद घटना के बारे में उन्होंने कहा जो भी दोषी है, उसे सजा मिल रही है और कानून पूरी तरह अपना काम करेगा। जो भी दोषी होगा बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि योगी जी की सरकार में महिलाओं से कोई भी सिर उठाकर बात नहीं कर सकता। योगी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। साथ ही महंगाई के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मोदी जी देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने के लिए लगातार जुटे हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications