मथुरा के गोवर्धन में काट दिए गए दर्जनों हरे पेड़, तीन पर FIR
मथुरा, अप्रैल 29: देश में एक तरफ कोरोना संक्रमण के कारण ऑक्सीजन की खपत और मांग आसमान छू रही है, तो वहीं दूसरी तरफ ऐसे भी लोग हैं जो ऐसे मुश्किल समय से सबक लेने के बजाय अब भी प्रकृति से खिलवाड़ कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से सामने आया है। यहां के गोवर्धन तहसील में तीन लोगों ने मिलकर कई पेड़ों की कटाई कर डाली। मामला लोगों तक पहुंचा तो हड़कंप मच गया। वन विभाग की शिकायत पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मामला गोवर्धन के वसोती गांव का है। वन विभाग टीम ने गोवर्धन थाने में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इन सभी पर ताज ट्रिपोजियम जॉन में हरे पेड़ कटान करने और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना करने का आरोप है। जानकारी के मुताबिक, वन विभाग की टीम ने करीब 56 बंबूल के पेड़ और जेसीबी मशीन कब्जे में किया। इसके बाद, इन आरोपियों को गोवर्धन पुलिस को मंगलवार को सौंप दिया था। हालांकि, अगले ही दिन इन तीनों को जमानत पर तीनों छोड़ दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामसहाय तिवारी निवासी गौरधाम कॉलोनी राधाकुंड, भगवान दास तिवारी निवासी राधानगर कॉलोनी राधाकुंड और जेसीबी चालक वलबीर सिंह ठाकुर निवासी आन्यौर के रूप में हुई थी।
56 कटे पेड़ों और जेसीबी मशीन के साथ गिरफ्तार किया था
बीते मंगलवार को जेसीबी मशीन से हरे पेड़ बंबूल के काटने की सूचना पर राधा कुंड पहुंची वन विभाग की टीम ने इन सभी को 56 कटे पेड़ों और जेसीबी मशीन के साथ गिरफ्तार किया था। टीम ने इनके खिलाफ ताज ट्रिपोजियम अधिनियम के अंतर्गत थाना गोवर्धन में मामला दर्ज कराया। हालांकि, लोगों का दावा है कि मुकदमा मामूली धाराओं में दर्ज किया गया और तो और एफआईआर में सिर्फ 56 पेड़ों की कटाई की बात की गई, जबकि दावा है कि 150-200 पेड़ों को काटा गया है। लोगों का आरोप है कि मामला हल्की धाराओं में दर्ज होने के कारण इन सभी को आसानी से जमानत मिल गई। लोगों के अंदर आरोपियों के साथ-साथ पुलिस के खिलाफ भी उचित कार्रवाई न करने को लेकर गुस्सा भरा है।












Click it and Unblock the Notifications