Mathura News: सीएम योगी का ऐलान! अयोध्या में रामलला, काशी में विश्वनाथ धाम, अब मथुरा को मिलेगा नया स्वरूप
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरसाना रंगोत्सव के उद्घाटन के दौरान बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि अयोध्या और काशी के बाद अब मथुरा के कायाकल्प की बारी है। इस बार के बजट में मथुरा-वृंदावन के विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।
सीएम योगी ने कहा कि जैसे अयोध्या को भव्य बनाया गया, काशी का कायाकल्प हुआ, वैसे ही अब मथुरा-वृंदावन को भी नया स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने भक्तों से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि अब श्रीकृष्ण की भूमि का पूरी तरह से विकास होगा और इसके लिए धन की कोई कमी नहीं होगी।

सीएम योगी ने अपने संबोधन में यमुना नदी की स्वच्छता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में भी राम भक्तों की सरकार बन गई है, इसलिए अब यमुना को निर्मल बनाने का सपना भी जल्द पूरा होगा। गंगा की तरह यमुना मैया भी स्वच्छ और अविरल बहेंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की भूमि सनातन संस्कृति की आधारशिला रही है। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, काशी में विश्वनाथ धाम और अब मथुरा-वृंदावन का भी पूरी तरह से विकास किया जाएगा।
रंगोत्सव में सीएम योगी ने खेली फूलों की होली
बरसाना पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राधारानी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भक्तों के साथ फूलों की होली खेली और माहौल को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद उन्होंने विश्व प्रसिद्ध लड्डू होली में भी भाग लिया।
सीएम योगी ने कहा कि बरसाना की होली पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है और यहां की परंपराएं हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। राज्य सरकार इस महोत्सव को और भव्य बनाने के लिए हर संभव सहयोग दे रही है।
मथुरा-वृंदावन में 40 दिन तक चलेगा रंगोत्सव
मथुरा और वृंदावन में रंगोत्सव का शुभारंभ हो चुका है, जो अगले 40 दिनों तक चलेगा। इस दौरान देश-विदेश से श्रद्धालु श्रीकृष्ण की भूमि पर आकर इस अद्भुत उत्सव का आनंद लेंगे। सरकार ने इस आयोजन को भव्य बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। सीएम योगी ने कहा कि आने वाले समय में मथुरा को एक भव्य तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यह धार्मिक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बन सके।












Click it and Unblock the Notifications