Mathura: तमंचा लेकर लूट करने आए बदमाशों को व्यापारी भाइयों ने रपटाया, घटना CCTV में हुई कैद
Robbery Gone Wrong CCTV Video: मुकेश और उनके भाई राकेश ने बदमाशों के आगे हार नहीं मानी और वह लाठी लेकर उन पर टूट पड़े। व्यापारियों द्वारा दिखाई हिम्मत का नतीजा रहा कि बदमाशों के हौसले पस्त हो गए और वह मौके से भाग निकले।
मथुरा में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि शहर का हृदय स्थल कहे जाने वाले इलाके में 3 नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी से बीच बाजार तमंचे के बल पर लूट का प्रयास किया। हालाँकि, दोनों व्यापारी भाइयों के हौसले के आगे बदमाश पस्त दिखाई दिए और असफल होकर वहां से भाग निकले। भागते समय बदमाशों ने व्यापारी पर फायर भी झोंक दिया, जिसके कुछ छर्रे लगने से व्यापारी मामूली घायल हो गया। वहीं पूरी घटना CCTV में कैद हो गई जो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है। उधर सूचना देने पर भी पुलिस आधा घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।
व्यापारी से लूट की कोशिश
बता दें कि मथुरा के वृंदावन कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत विश्व प्रसिद्ध ठाकुर राधाबल्लभ मंदिर के पास राधावल्लभ मिष्ठान विक्रेता के नाम से मुकेश अग्रवाल और राकेश अग्रवाल की दुकान है। शुक्रवार देर शाम दोनों भाई अपनी दुकान बंद करने की तयारी कर रहे थे, तभी तीन नकाबपोश बदमाश एक बाइक पर आए और सीधा दुकान के अंदर घुस गए। इस दौरान मुकेश अग्रवाल दुकान के नीचे खड़े थे और शटर बंद करने की तैयारी कर रहे थे। जबकि राकेश अग्रवाल गल्ले में से रूपए निकालकर गिन रहे थे। बाजार में ज्यादातर दुकान बंद हो चुकी थी।

बदमाशों पर डंडे से वार, झोंका फायर
दुकान में घुसने के साथ-साथ एक बदमाश ने तमंचा निकाल लिया और गल्ले पर खड़े राकेश अग्रवाल से पैसे छीनने की कोशिश की। लेकिन मुकेश अग्रवाल ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों पर डंडे से वार कर दिया। विरोध करने पर बदमाशों ने तमंचा निकालकर व्यापारी पर फायर कर दिया। गनीमत रही छर्रा लगने से व्यापारी मामूली रूप से चोटिल हुए। जिसके बाद बदमाश मौके से बाइक लेकर फरार हो गए।

घटना CCTV में कैद, आधा घंटे तक नहीं पहुंची पुलिस
यह दुस्साहसिक वारदात समीप ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। उधर, पीड़ित के अनुसार सूचना देने के बावजूद आधा घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। जब उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई तब पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस घटना से व्यापारियों में खासा आक्रोश व्याप्त है। वहीं पुलिस ने इस मामले में शनिवार की सुबह मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया इस घटना के खुलासे के लिए कई टीमें लगा दी है।












Click it and Unblock the Notifications