Nagpur violence : 'नागपुर हिंसा के असली गुनहगार कौन?', डिंपल यादव ने भाजपा पर बोला हमला
Dimple Yadav on Nagpur violence: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में आयोजित जिला विकास एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में पहुंचीं सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने नागपुर हिंसा के लिए महाराष्ट्र सरकार को पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया। साथ ही, उत्तर प्रदेश में भी कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों की बात कही।
डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के मुद्दे को पूरी तरह से भुला दिया गया है और भड़काऊ राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश में नफरत फैलाने की साजिश कर रहे हैं, ताकि अमन-चैन भंग हो जाए और समाज बंट जाए। समाजवादी पार्टी जनता की आवाज को दबने नहीं देगी और उनकी लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगी।

सपा सांसद ने कहा कि यूपी में भी जानबूझकर माहौल खराब किया जा रहा है। आम जनता अब समझ चुकी है कि किस तरह से नफरत फैलाने की राजनीति की जा रही है। सरकार उन लोगों को निशाना बना रही है, जो उनके खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। इसी के तहत सपा सांसद जिया उर रहमान के आवास को तोड़ा गया। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपने मंसूबों में सफल नहीं होगी।
दिशा बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा
बैठक के दौरान डिंपल यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने बिजली बिलिंग की व्यवस्था सुधारने और हाई टेंशन तारों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को प्राथमिकता देने और सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही।
डिंपल यादव ने बैठक में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को समय से यूरिया, डीएपी और सिंचाई के लिए पानी मिलना चाहिए। साथ ही, उनकी फसल उचित मूल्य पर खरीदी जाए और आकस्मिक दुर्घटनाओं में मृत किसानों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए।
बुनियादी सुविधाओं के सुधार पर जोर
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई। सांसद ने निर्देश दिया कि जिन गांवों में पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां की सड़कों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा, नई बसावटों में बिजली कनेक्शन जल्द स्वीकृत करने और बिलिंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाने की बात भी कही।
बैठक में विभिन्न विधायकों, विधान परिषद सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी मांगें रखीं। हाई टेंशन तारों से हो रहे हादसों को रोकने, जल जीवन मिशन के तहत अधूरे पड़े कार्यों को जल्द पूरा करने और सड़कों की मरम्मत को लेकर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।












Click it and Unblock the Notifications