महोबा: छेड़छाड़ की शिकार हुई महिला को आरोपी के परिजनों ने जिंदा जलाया, हालत गंभीर
महोबा, 15 अगस्त: यूपी के महोबा जिले में छेड़छाड़ की शिकार महिला को आरोपी के परिजनों द्वारा कैरोसीन डालकर जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। बुरी तरह झुलसी महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालत को देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की महिला को हिरासत में ले लिया और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

महिला ने गांव के शख्स पर लिखवाया था छेड़छाड़ का मुकदमा
घटना कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव निवासी विवाहित महिला ने बीते दिनों गांव के ही रहने वाले कल्लू के खिलाफ कुलपहाड़ कोतवाली में छेड़छाड़ की शिकायत की थी। पुलिस ने कल्लू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था, जिसके बाद वह गांव से फरार हो गया।
आरोपी के परिजनों ने महिला को जलाया
इधर, अपने बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से गुस्साए कल्लू के माता-पिता ने रविवार की सुबह शौच के लिए गई पीड़ित महिला पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला को देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। सूचना पर एसडीएम कुलपहाड़ सुथन अब्दुल्ला और सीओ कुलपहाड़ तेज बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे और द्वारा आग से झुलसी महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स का कहना है कि महिला करीब 90 फीसदी झुलस गई है। हालत को देखते हुए उसे झांसी मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। एसपी ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। साथ ही गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications