Mahoba News: पहाड़ पर ब्लास्ट करने के दौरान हुआ बड़ा हादसा, चार मजदूरों की मौत
Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा में पहाड़ पर ब्लास्ट करने के दौरान बड़ा हादसा हुआ है। जिसमें चार मजदूरों की दबकर मौत हो गई है। आठ से अधिक मजदूरों के दबे होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। महोबा जिले में पत्थर मंडी कबरई के पहरा पहाड़ में खनन कार्य में ब्लॉस्टिंग के दौरान विस्फोट होने से चार मजदूरों की मौत हो गई।
खनन कार्य के दौरान अचानक पहाड़ का हिस्सा भरभरा कर खदान में जा गिरा, जहां करीब 15 मजदूर कार्य कर रहे थे। इस हादसे में जिला प्रशासन ने अभी तक चार मजदूरों की मौत की पुष्टि की है, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि हादसे में एक पोकलेंड मशीन सहित तीन ट्रैक्टर मलबे में अभी भी दबे हुए हैं। प्रशासन दो पोकलेंड मशीन लगाकर अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर एहतियातन मलबे में दबे मजदूरों को खोजने के काम में जुटा हुआ है।

बताया जा रहा है कि कबरई थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पहरा गांव में पहाड़ पर मंगलवार को एक दर्जन से अधिक मजदूर खनन कार्य पर लगे हुए थे। पहाड़ पर होने वाले विस्फोट के लिए मजदूरों द्वारा होल करने का काम किया जा रहा था, तभी अचानक पहाड़ का एक हिस्सा भरभराकर 500 फीट गहरी खदान में जा गिरा।
पहाड़ पर खनन के दौरान हुए हादसे की सूचना मिलते ही मजदूरों के परिजनों में कोहराम मच गया और देखते ही देखते पूरा गांव पहाड़ पर इकट्ठा हो गया. हादसे के बाद से पहाड़ संचालक मौके से फरार हो गया।वहीं सूचना मिलते ही DM मृदुल चौधरी, SP अपर्णा गुप्ता सहित मंडल के कमिश्नर और IG मौके पर पहुंच गए।
इस दर्दनाक हादसे को लेकर चार थानों की पुलिस सहित फायर ब्रिगेड की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है, जिसमें चार मजदूरों राममिलन कुशवाहा, रामफूल और प्यारे और एक अन्य के शव को मलबे के नीचे से निकाला गया है, जबकि दो अन्य मजदूर कैलाश और धीरू को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीएम मृदुल चौधरी ने बताया कि उक्त पहाड़ का पट्टा है, जिसमें खनन कर चल रहा था, तभी हादसा हो गया। हादसे के क्या कारण हैं, इसकी जांच कराई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications