Yellow Alert in Mumbai: बेमौसम बरसात से मुंबई का बुरा हाल, 10 सालों बाद इतनी भीगी 'मायानगरी'
मुंबई, 02 दिसंबर। एक बार फिर से मुंबई समेत पूरा महाराष्ट्र भारी बारिश की गिरफ्त में हैं। इस बेमौसम बरसात ने सबका हाल बेहाल कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग ने आज भी यहां भारी बारिश का 'यलो अलर्ट' जारी किया है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के मुताबिक आज पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, धुले, नासिक, पुणे, कोल्हापुर, औरंगाबाद जिलों में जोरदार बारिश के आसार हैं इसलिए विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

बरसात से मुंबई का बुरा हाल
आपको बता दें कि भारी बारिश और हवाएं चलने की वजह से मुंबई समेत राज्य के कई जगहों पर पेड़ गिरने की खबर है। मायानगरी में कई जगहों पर जलजमाव हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा तो वहीं कल ठाणे के एक अस्पताल परिसर में एक पेड़ गिरने से दो एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ
ठाणे नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि कलवा क्षेत्र में छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल परिसर में बुधवार रात करीब 11.30 बजे एक पेड़ परिसर में गिर गया जिससे एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने कहा कि स्थानीय दमकलकर्मियों और आरडीएमसी की एक टीम मौके पर पहुंची थी, स्थिति नियंत्रण में है।

मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया
उन्होंने कहा कि कल पालघर और मुंबई में काफी बारिश हुई है लेकिन कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। आपको बता दें कि मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक मुंबई- गोवा के मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

10 सालों बाद इतनी भीगी मायानगरी
आपको बता दें कि नवंबर महीने में मुंबई में जितनी बारिश हुई है, उतनी बारिश पिछले 10 सालों में नहीं हुई थी। इस बार मुंबई में 30.1 मिलीमीटर बारिश है , बता दें कि इससे पहले साल 2019 में सबसे ज्यादा 109.3 मिलीमीटर बारिश हुई थी।
यहां भी अलर्ट जारी किया गया है
जहां मुंबई का ये हाल है वहीं दूसरी ओर सहसवां, बदायूं, कासगंज, सिकंदर राव, गंजदुंदवाड़ा, राया, मथुरा, जलेसर, एटा, सादाबाद, टूंडला, आगरा, जजाऊ (यूपी) भरतपुर, बयाना (राजस्थान) में भी बारिश केआसार नजर आ रहे हैं जबकि इगलास, हाथरस, जलेसर, सादाबाद, टूंडला, आगरा, फिरोजाबाद (यूपी) नदबई, भरतपुर में बादलों के बरसने की आशंका है और इसलिए यहां भी अलर्ट जारी किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications