Women's World Cup: फडणवीस सरकार का बड़ा ऐलान, विश्व विजेता टीम की इन खिलाडि़यों के देगी नगद पुरस्कार
Women's World Cup 2025: हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारत ने अपना पहला महिला वनडे विश्व कप खिताब जीता है, जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने महिला क्रिकेटरों स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिग्स और राधा यादव के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजीत पवार सहित कैबिनेट सदस्यों ने नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने एक बयान में पुष्टि की कि कैबिनेट ने विश्व कप विजेता टीम को बधाई देने का प्रस्ताव पारित किया है।

बयान में आगे कहा गया, "एक प्रस्ताव कैबिनेट में लाया गया था जहां मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के प्रदर्शन की प्रशंसा की और उन्हें बधाई देते हुए एक कैबिनेट प्रस्ताव पारित किया। यह भी तय किया गया कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम की महाराष्ट्र से आने वाली तीन खिलाड़ियों को राज्य सरकार द्वारा नकद पुरस्कार दिया जाएगा।"
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया, "ये तीनों क्रिकेटर महाराष्ट्र से हैं। जब भी पूरी महिला क्रिकेट टीम मुंबई आएगी, हम उन्हें सम्मानित करेंगे। कैबिनेट ने आज भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई देने का प्रस्ताव पारित किया है।" भारतीय खिलाड़ी 5 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगी।
रिपोर्टों के अनुसार, खिलाड़ी मुंबई से उड़ान भरकर मंगलवार शाम प्रधानमंत्री के आवास पर उनसे मिलेंगी, जिसके बाद वे अपने गृहनगर के लिए रवाना होंगी। पिछले साल टी20 विश्व कप जीतने के बाद पीएम मोदी ने रोहित शर्मा और उनकी टीम से भी मुलाकात की थी।
हाल ही में बिहार में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने महिला क्रिकेटरों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "कल मुंबई में भारत की बेटियों ने इतिहास रच दिया है। भारत ने पहली बार महिला क्रिकेट विश्व कप जीता है। 25 साल बाद दुनिया को एक नया विश्व चैंपियन मिला है, और भारत की बेटियों ने यह गौरव पूरे देश को दिया है।"
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "यह जीत सिर्फ खेल के मैदान तक सीमित नहीं है। यह भारत की बेटियों के नए आत्मविश्वास का भी प्रतीक है।" भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला महिला विश्व कप खिताब जीता।












Click it and Unblock the Notifications