महाराष्ट्र: पेट्रोल पंप पर शख्स ने किया महिला पर ताबड़तोड़ वार, जमीन पर गिरने तक मारता रहा दरांती
नासिक, 25 अगस्त: महाराष्ट्र से गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सोशल मीडिया पर एक खौफनाक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स पेट्रोल पंप की महिला कर्मचारी के पीछे धारदार हथियार लेकर दौड़ता है और कई बार उस पर वार करता हुआ दिखाई दे रहा है। महिला अपनी जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप के आसपास दौड़ती हुई नजर आती है, लेकिन हमलावर उसके पीछे दरांती जैसा हथियार लेकर पीछा करता है।

जानकारी के मुताबिक घटना गुरुवार को महाराष्ट्र के नासिक के जाधव पेट्रोल पंप पर हुई, जहां एक नीला रंग का कपड़ा पहने शख्स पेट्रोल पंप पर पीछे से आता है और फिर धारदार हथियार निकाल कर महिला की तरफ बढ़ता है। महिला पहले ही उसे देख लेती है और जान बचाने के लिए पेट्रोल पंप एरिया में दौड़ती है, लेकिन हमलावर उसको नहीं बख्शता।
हालांकि नासिक में पेट्रोल पंप के कर्मचारी और कुछ राहगीर पीड़ित को बचाने के लिए दौड़ते हैं, लेकिन हाथ में हथियार की वजह से उसके पास जाने से डरते हैं। कुछ मिनट बाद जब महिला जमीन पर गिर जाती है और आदमी उसे एक दो बार और वार करता है। तब एक राहगीर हमलावर को रोकने के लिए उस पर कुर्सी फेंकता है। महिला के बचाव में और लोग आने पर वह वहां से भाग जाता है।
पीड़िता की पहचान जुबैदा खा के रूप में हुई है, जिसका नासिक के एक सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। महिला के बयान के आधार पर इंदिरा नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications