अजित पवार के 'धोखे' के बाद कौन होगा NCP का भरोसेमंद चेहरा? शरद पवार ने हाथ उठाकर दिया जवाब
Ajit Pawar news: महाराष्ट्र की राजनीति में तूफान आ चुका है। एनसीपी के दिग्गज नेता और शरद पवार के भतीजे अजित पवार ने रविवार को महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे-देवेंद्र फडणवीस सरकार को समर्थन दे दिया।
अजित पवार ने रविवार को अपने समर्थक विधायकों के साथ बैठक की और इसके बाद राजभवन जाकर मंत्री के तौर पर शपथ ले ली। महाराष्ट्र सरकार में अजित पवार को डिप्टी सीएम का पद दिया गया है।

वहीं, इस बड़े घटनाक्रम के बाद शरद पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा, 'ये कोई छोटी बात नहीं है। ये भाजपा की कोई गुगली नहीं है, बल्कि एक लूट है और जनता सबकुछ देख रही है। दो दिन पहले ही एनसीपी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बातें कही थीं। उन्होंने कहा था कि एनसीपी एक खत्म हो चुकी पार्टी है। उन्होंने अपने बयान में सिंचाई मामले और भ्रष्टाचार के आरोपों का भी जिक्र किया।'
'प्रधानमंत्री मोदी का आभारी हूं'
शरद पवार ने आगे कहा, 'मैं खुश हूं कि आज मेरे कुछ साथियों ने मंत्री पद की शपथ ले ली। मेरे इन साथियों के एनडीए में शामिल होने से, ये बात साफ हो गई है कि अब उनके ऊपर लगे सभी दाग भी साफ हो गए हैं। मैं इस बात के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभारी हूं।'
सबसे भरोसेमंद चेहरा अब कौन?
इस दौरान पत्रकारों ने जब शरद पवार से पूछा कि अजित पवार, छगन भुजबल और प्रफुल्ल पटेल के जाने के बाद एनसीपी में सबसे भरोसेमंद चेहरा अब कौन होगा? तो इसपर शरद पवार ने हाथ उठाकर मुस्कुराते हुए कहा, 'शरद पवार'।
आपको बता दें कि अजित पवार के साथ एनसीपी के 9 विधायकों ने आज मंत्री पद की शपथ ली है। इनमें छगन भुजबल, दिलीप वल्से पाटिल और अदिति तटकरे का नाम शामिल है। शपथ ग्रहण के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए अजित पवार ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित हैं और इसीलिए एनडीए सरकार का हिस्सा बन रहे हैं। अजित पवार ने इस दौरान ये भी कहा कि एनसीपी के नाम और चुनाव चिन्ह पर उनका ही अधिकार है और इसके लिए वो हर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications