कौन हैं प्रकाश महाजन? MNS से अचानक इस्तीफा देकर राज ठाकरे को दिया तगड़ा झटका, अमित ठाकरे से क्यों मांगी माफी
Prakash Mahajan Resignation: महाराष्ट्र निकाय चुनाव से पहले राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को तगड़ा झटका लगा है। मनसे के प्रवक्ता प्रकाश महाजन ने शनिवार, 13 सितंबर 2025 को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मेरी सीमित अपेक्षाओं के बावजूद उन्हें लगातार 'नजरअंदाज' किया गया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता दिवंगत प्रमोद महाजन के भाई, प्रकाश महाजन ने एक वीडियो संदेश के माध्यम से अपने फैसले की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी में उनके काम की कभी सराहना नहीं की गई, बल्कि उन गलतियों के लिए उन्हें दोषी ठहराया गया, जो उन्होंने कभी की ही नहीं थीं।

महाजन ने राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे में 'सम्मान की कमी' को भी अपने इस्तीफे का एक कारण बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी फिलहाल किसी अन्य दल में शामिल होने की कोई योजना नहीं है।
"मुझे पहलगाम घटना के बाद ही रुक जाना चाहिए था"
वीडियो में प्रकाश महाजन ने कहा, "पिछले कुछ दिनों से मुझे महसूस हो रहा था कि अब रुकने का समय आ गया है। सच कहूं तो मुझे पहलगाम घटना के बाद ही रुक जाना चाहिए था, लेकिन तब मुझे लगा था कि चीजें सुधरेंगी। मेरी व्यक्तिगत अपेक्षाएं हमेशा सीमित रही हैं।"
"मेरा एकमात्र भाव हिंदुत्व की रक्षा करना था लेकिन..."
महाजन ने आगे कहा, "मैंने जिस भी पार्टी में काम किया, मेरी कभी चुनाव लड़ने या कोई पद हासिल करने की इच्छा नहीं रही। मेरा एकमात्र भाव हिंदुत्व की रक्षा करना था लेकिन अपनी कम अपेक्षाओं के बावजूद, मुझे बहुत नजरअंदाज किया गया।"
महाजन ने यह भी बताया, "लोकसभा चुनावों के दौरान मुझसे कभी सलाह नहीं ली गई। विधानसभा चुनावों में मुझे केवल प्रचार के लिए इस्तेमाल किया गया। मैंने अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाया। मुझे अपने काम के लिए कभी प्रशंसा नहीं मिली, बल्कि ऐसी गलतियों के लिए दोषी ठहराया गया जो मैंने की ही नहीं थीं।"
राज के बेटे अमित ठाकरे से क्यों मांगी माफी?
उन्होंने मनसे नेता अमित ठाकरे से माफी मांगते हुए कहा, "मैंने उन्हें वचन दिया था कि मैं उनके साथ ही नहीं, बल्कि उनके बेटे के साथ भी काम करूंगा। लेकिन दुर्भाग्य से, परिस्थितियाँ ऐसी हैं कि मैं अपना वचन नहीं निभा पा रहा हूँ। कभी-कभी व्यक्ति को वह नहीं मिलता जो वह हकदार होता है, और यह किस्मत की बात है।"
"कुछ बातें मेरे मन के खिलाफ हो रही थीं"
अपने इस्तीफे के बाद, प्रकाश महाजन ने एबीपी माझा से बात करते हुए कहा कि उनकी उम्र बढ़ गई है और कुछ बातें उनके मन के खिलाफ हो रही थीं, इसलिए उन्होंने रुकने का फैसला किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें किसी से कोई नाराजगी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या नारायण राणे को धमकी देना उन्हें पसंद नहीं आया, तो महाजन ने इस बात से इनकार किया। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है, बस अब रुकने का समय आ गया है।
राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे को लेकर दिया था ये बयान
कुछ समय पहले महाजन ने कहा था कि अगर राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे साथ नहीं आए तो नियति उन्हें माफ नहीं करेगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या यही बयान उनके इस्तीफे की वजह बना, तो उन्होंने कहा, "मैं रहूं या न रहूं, मेरी ईमानदार भूमिका थी कि दोनों भाई एक साथ आएं।"
महाजन ने बताया कि इसके लिए उन्हें काफी कुछ सुनना पड़ा, लेकिन अंततः दोनों भाई साथ आ गए। महाजन ने कहा, "उस समय किसी को मेरी याद नहीं आई कि मैंने ऐसी भूमिका ली थी। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, "अब दोनों भाई हमें ही भूल गए, इसमें हम क्या कर सकते हैं?"
कौन हैं प्रकाश महाजन?
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिवंगत वरिष्ठ नेता प्रमोद महाजन के छोटे भाई प्रकाश महाजन का राजनीतिक सफ़र काफ़ी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। महाराष्ट्र की राजनीति में उनका नाम एक जाना-पहचाना चेहरा रहा है, खासकर मराठवाड़ा क्षेत्र के बीड़ जिले से उनका गहरा संबंध है।
- प्रकाश महाजन की महाराष्ट्र के औरंगाबाद (अब छत्रपति संभाजीनगर) क्षेत्र में सक्रियता विशेष रूप से है।
- प्रकाश महाजन ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) से की थी, जहां उन्होंने एक आयोजक के रूप में काम किया।
- बाद में, प्रकाश महाजन शिवसेना में शामिल हो गए और पार्टी के प्रवक्ता का पद भी संभाला। हालाँकि, कुछ समय बाद उन्होंने फिर से मनसे में वापसी की।
- हाल ही में, सितंबर 2025 में, प्रकाश महाजन ने एक बार फिर मनसे छोड़ दी है। इस इस्तीफ़े के पीछे उन्होंने नारायण राणे पर धमकी देने का आरोप लगाया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
- इसके अतिरिक्त, उन्होंने भाजपा सरकार से प्रमोद महाजन की हत्या के पीछे किसी संभावित षड्यंत्र को लेकर भी सवाल उठाए थे।












Click it and Unblock the Notifications